हिंदी
एटा के अलीगंज कोतवाली क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक ही रात में तीन दुकानों की दीवार काटकर लाखों रुपये की चोरी कर पुलिस को खुली चुनौती दे दी। गल्ला, खाद और बीज की दुकानों को निशाना बनाया गया। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।
थाना अलीगंज कोतवाली क्षेत्र का मामला
Etah: जनपद के अलीगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित सरौठ रोड पर अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने गल्ला, खाद और बीज की तीन अलग-अलग दुकानों की दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये के सामान व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानों पर पहुंचे तो दीवारें टूटी देख उनके होश उड़ गए। एक ही रात में तीन दुकानों में हुई चोरी से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जलेसर में दर्दनाक हादसा: ट्रेन से कटकर अज्ञात युवक की मौत, पहचान में जुटी जीआरपी
चोरी की यह घटना दुकानों में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में कुछ संदिग्ध लोग देर रात दुकान के पीछे की दीवार काटते और अंदर घुसते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि चोरों ने पहले रेकी की और फिर सुनसान समय का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। चोरी के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। दुकानदारों का कहना है कि चोरों ने बड़ी सफाई से घटना को अंजाम दिया, जिससे यह किसी पेशेवर गिरोह का काम लग रहा है।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
घटना की सूचना मिलते ही अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और CCTV फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर व्यापारियों में नाराजगी है। उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द खुलासा करने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में भी छानबीन कर रही है ताकि चोरों के संभावित ठिकानों का पता लगाया जा सके।