पत्नी की Love Marriage से बौखलाये पति का खूनी खेल, तीन को किया लहूलुहान

गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र स्थित जंगल डुमरी नंबर-2 के समझाई टोला में प्रेम विवाह को लेकर चल रहा विवाद बुधवार की देर रात खूनी संघर्ष में बदल गया। पत्नी के प्रेम विवाह से नाराज पति ने अपने परिजनों के साथ मिलकर कथित तौर पर प्रेमी पक्ष पर जानलेवा हमला कर दिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 May 2026, 1:55 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र स्थित जंगल डुमरी नंबर-2 के समझाई टोला में प्रेम विवाह को लेकर चल रहा विवाद बुधवार की देर रात खूनी संघर्ष में बदल गया। पत्नी के प्रेम विवाह से नाराज पति ने अपने परिजनों के साथ मिलकर कथित तौर पर प्रेमी पक्ष पर जानलेवा हमला कर दिया। टांगी से किए गए हमले में पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

घटना बुधवार रात करीब 9 से 10 के बीच की बताई जा रही है।जंगल डुमरी नम्बर 2 समझाई टोला गांव निवासी अमरजीत पुत्र छोटकन बेंगलुरु में पेंटिंग का काम करता था। उसकी शादी करीब 12 साल पहले मंशा देवी से हुई थी। आरोप है कि बीते एक वर्ष से मंशा देवी का गांव के ही सूरज पुत्र रामरतन के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था।

जब इस संबंध की जानकारी अमरजीत को हुई तो गांव में पंचायत बुलाई गई। काफी विवाद और बातचीत के बाद पंचायत के जरिए समझौता कराया गया और अमरजीत ने अपनी पत्नी मंशा देवी की शादी सूरज से करा दी। यह प्रेम विवाह करीब 10 दिन पहले ही हुआ था।

बताया जा रहा है कि इस समझौते के बावजूद अमरजीत के मन में नाराजगी और बदले की भावना बनी हुई थी। आरोप है कि बुधवार रात अमरजीत, उसका भाई अनिल और पिता छोटकन पहले से घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही सूरज वहां पहुंचा, तीनों ने उसे घेरकर मारपीट शुरू कर दी।

सूरज की चीख-पुकार सुनकर उसके पिता रामरतन और परिजन श्रवण मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान अमरजीत ने टांगी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में रामरतन, सूरज और श्रवण गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों के सिर पर गहरी चोटें आईं और वे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर घायलों को बचाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची गुलरिहा पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज भेजा। डॉक्टरों के अनुसार रामरतन की हालत गंभीर बनी हुई है।

गुलरिहा थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद पाल ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर अमरजीत, छोटकन, अनिल और उसकी मां के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने अमरजीत और छोटेलाल को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

Location :  Gorakhpur

Published :  28 May 2026, 1:55 PM IST