
दातागंज सीएचसी का औचक निरीक्षण
Budaun : गंगा एक्सप्रेसवे पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। हादसों में घायल लोगों को समय पर इलाज नहीं मिलने की शिकायतों के बीच अब बदायूं प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी गांमिनी सिंगला ने दातागंज सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। जहां कई बड़ी खामियां सामने आईं। निरीण के बाद सीडीओ ने कहा कि एक्सप्रेसवे पर हादसों में अब इलाज की कमी से किसी की जान नहीं जानी चाहिए।
मुख्य विकास अधिकारी गांमिनी सिंगला अचानक दातागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में साफ-सफाई, दवाओं के रखरखाव और इमरजेंसी सेवाओं में कई कमियां मिलीं। सीडीओ ने अस्पताल स्टाफ और अधिकारियों को फटकार लगाते हुए व्यवस्थाएं तुरंत सुधारने के निर्देश दिए।
प्रशासन के मुताबिक, गंगा एक्सप्रेसवे पर यातायात बढ़ने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की संख्या भी तेजी से बढ़ी है। कई मामलों में घायलों को समय पर इलाज नहीं मिल पाने की वजह से हालत गंभीर हो जाती है। इसी को देखते हुए शासन ने एक्सप्रेसवे के आसपास के स्वास्थ्य केंद्रों को मजबूत करने का फैसला लिया है।
सीडीओ गांमिनी सिंगला ने बताया कि दातागंज सीएचसी को अब ट्रॉमा सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां 24 घंटे इमरजेंसी सेवाएं, प्रशिक्षित स्टाफ, जीवन रक्षक दवाएं और आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। अस्पताल में वेंटिलेटर, एक्स-रे और सर्जिकल यूनिट की सुविधा भी शुरू की जाएगी ताकि हादसे में घायल मरीजों को गोल्डन ऑवर के भीतर इलाज मिल सके।
प्रशासन ने एक्सप्रेसवे अथॉरिटी के साथ मिलकर एंबुलेंस के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाने की योजना पर भी चर्चा की है। साथ ही 108 एंबुलेंस सेवा को एक्सप्रेसवे पर लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं। सीडीओ ने कहा कि अगले 15 दिनों में सभी कमियों को दूर कर सीएचसी को पूरी तरह ट्रॉमा सुविधा के लिए तैयार कर लिया जाएगा।
Location : Budaun
Published : 19 May 2026, 7:48 PM IST