हिंदी
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे
Lucknow: लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर सड़क धंसने और निर्माण गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों के बीच भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) में प्रशासनिक बदलाव किया गया है। एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी (RO) विशाल गौतम का तबादला जम्मू-कश्मीर कर दिया गया है। उनकी जगह अब्दुल बासित को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो जल्द ही पदभार संभालेंगे।
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर सड़क धंसने की घटना के बाद एनएचएआई की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे। मामले को लेकर विभागीय स्तर पर कार्रवाई शुरू हुई थी। इससे पहले प्रोजेक्ट डायरेक्टर (PD) नकुल प्रकाश वर्मा को पद से हटाया गया था। उनकी जगह बरेली में तैनात रहे नवरत्न को नया प्रोजेक्ट डायरेक्टर बनाया गया।
एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी विशाल गौतम के स्थानांतरण के बाद अब अब्दुल बासित क्षेत्रीय अधिकारी की जिम्मेदारी संभालेंगे। हालांकि, विशाल गौतम के तबादले को उनके सहयोगी नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया बता रहे हैं। वहीं, सूत्रों के मुताबिक एक्सप्रेसवे पर सामने आई तकनीकी खामियों और विभाग की छवि पर पड़े असर के बाद यह बदलाव पहले से तय माना जा रहा था।
लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे देश के प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में शामिल है। सड़क धंसने की घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता, निगरानी व्यवस्था और जिम्मेदारी तय करने को लेकर चर्चा तेज हुई थी। इसके बाद एनएचएआई स्तर पर अधिकारियों में बदलाव किए गए हैं।
Location : Lucknow
Published : 23 September 2026, 1:18 PM IST
Topics : Abdul Basit NHAI highway construction quality Lucknow Kanpur Expressway NHAI transfer Vishal Gautam transfer