
बुजुर्ग ने मौत को लगाया गले (इमेज सोर्स-इंटरनेट)
Farrukhabad: जनपद में शुक्रवार को मोहम्मदाबाद क्षेत्र में एक बुजुर्ग ने फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आत्महत्या की खबर से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान सिकंदरपुर निवासी 82 वर्षीय नरेंद्र सिंह के रूप में हुई है। मृतक हत्या के एक पुराने मुकदमे में जमानत पर बाहर थे।
जानकारी के अनुसार सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे इस दौरान उनकी नजर एक पेड़ पर लटकते शव पर पड़ी। यह दृश्य देखते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने काफी देर तक आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की।
परिजनों ने बताया कि 14 मार्च को अपनी बेटी रेखा के घर थाना किशनी क्षेत्र के ग्राम चितायन, मैनपुरी चले गए थे। परिजनों ने बताया कि 7 मई को वह दिन में लगभग 11 बजे पुत्री के घर से निकले थे, लेकिन न तो वह अपने पैतृक गांव पहुंचे और न ही दोबारा बेटी के घर लौटे। अगले दिन उनका शव पेड़ से लटका मिला।
परिजनों के मुताबिक नरेंद्र सिंह काफी समय से एक पुराने हत्या के मुकदमे को लेकर मानसिक तनाव में चल रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी तनाव के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नरेंद्र सिंह शांत स्वभाव के व्यक्ति थे, लेकिन पिछले कुछ समय से वह काफी परेशान दिखाई दे रहे थे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं फॉरेंसिक जांच और परिजनों के बयान के आधार पर पूरे मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद परिजनों मे कोहराम मचा हुआ है।
Location : Farrukhabad
Published : 8 May 2026, 5:28 PM IST