बागला अस्पताल में अचानक पहुंचे डीएम तो मचा हड़कंप! खुली व्यवस्थाओं की परत, व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश

हाथरस के बागला अस्पताल में डीएम ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ऑनलाइन पर्चा, ई-सुश्रुत, लंबित अल्ट्रासाउंड जांच, आयुष्मान कार्ड और साफ-सफाई को लेकर सख्त निर्देश दिए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 September 2026, 2:52 PM IST

Hathras: उत्तरप्रदेश के हाथरस जिले में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने सोमवार सुबह बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचकर अस्पताल की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों की उपस्थिति, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रोजाना 1200 तक बनते हैं पर्चे

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पर्चा काउंटर की व्यवस्था देखी और प्रतिदिन बनने वाले पर्चों की संख्या की जानकारी ली। कर्मचारियों ने बताया कि अस्पताल में रोजाना करीब 1100 से 1200 पर्चे बनाए जाते हैं। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डीएम ने घर बैठे ऑनलाइन पर्चा बनवाने और चिकित्सक से अपॉइंटमेंट लेने की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

ये भी पढ़ें: Hathras Road Accident: सिकंदराराऊ में बस-ट्रक की आमने-सामने भीषण भिड़ंत, मची चीख-पुकार; दो चालक गंभीर

लंबित अल्ट्रासाउंड जांच जल्द पूरी कराने के निर्देश

जिलाधिकारी ने बाल रोग, दंत, हड्डी रोग, जनरल फिजिशियन, आयुष्मान भारत, अल्ट्रासाउंड, डिजिटल एक्स-रे, ईसीजी और सिटी स्कैन समेत विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया।

उन्होंने चिकित्सकों से ओपीडी में प्रतिदिन आने वाले मरीजों की संख्या की जानकारी ली और ओपीडी पंजिका का भी अवलोकन किया। अल्ट्रासाउंड जांच की लंबित पेंडेंसी को जल्द समाप्त करने के निर्देश दिए गए।

ये भी पढ़ें: यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मायावती ने फिर उठाया बैलेट पेपर का मुद्दा, कहा- चंद्रशेखर को EVM धांधली से मिली जीत

ई-सुश्रुत से डिजिटल होंगी मरीजों की सेवाएं

डीएम ने चिकित्सकों को ई-सुश्रुत प्रक्रिया को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू करने के निर्देश दिए। इसके जरिए मरीजों का ऑनलाइन पंजीकरण, अपॉइंटमेंट और मेडिकल रिपोर्ट डिजिटल रूप से दर्ज होने के साथ तत्काल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

इससे मरीजों को अस्पताल की सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलने के साथ स्वास्थ्य व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ने की उम्मीद है।

मरीजों से सीधे लिया फीडबैक

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती और इलाज कराने आए मरीजों से सीधे बातचीत की। उन्होंने अस्पताल में मिल रही सुविधाओं और चिकित्सकीय व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया।

आयुष्मान भारत कक्ष में उन्होंने नई पात्रता के आधार पर लाभार्थियों की सूची तैयार कर पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए। वहीं, सूची में पहले से दर्ज लेकिन कार्ड से वंचित पात्र लोगों के कार्ड भी तत्काल बनवाने को कहा।

ये भी पढ़ें: वेतन का हिसाब दोबारा हुआ तो खुल गई बड़ी गड़बड़ी, एडीपीआरओ से 27.13 लाख रुपये की होगी वसूली

साफ-सफाई को लेकर भी सख्ती

डीएम ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने वॉशरूम समेत अस्पताल के सभी हिस्सों में नियमित सफाई सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने दोहराया कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को समुचित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक पुरुष एवं महिला चिकित्सालय सहित संबंधित चिकित्सक और अधिकारी मौजूद रहे।

Location :  hathras

Published :  28 September 2026, 2:52 PM IST