कौशांबी में जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार योजनाओं और संचारी रोग नियंत्रण को लेकर सख्त रुख अपनाया। समीक्षा बैठक में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए, वहीं रोजगार मेले और स्वास्थ्य अभियानों को लेकर भी बड़े फैसले लिए गए।

स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत पर DM की पैनी नजर
Kaushambi: कौशांबी में सरकारी सिस्टम की सुस्ती अब अधिकारियों पर भारी पड़ती दिख रही है। फाइलों में चल रही योजनाओं और जमीनी हकीकत के बीच के फर्क ने प्रशासन को सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है। जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने जब स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा की, तो कई खामियां सामने आईं। हालात ऐसे मिले कि उन्हें न सिर्फ कड़ी चेतावनी देनी पड़ी, बल्कि लापरवाही पर सीधे एक्शन लेते हुए वेतन रोकने तक के आदेश जारी करने पड़े।
उदयन सभागार में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने साफ कर दिया कि अब लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परिवार कल्याण कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्साधिकारियों को लक्ष्य के अनुसार काम करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जब सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों की रिपोर्ट सामने आई, तो जिलाधिकारी ने मातृ और शिशु मृत्यु दर को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने हर केस का कारण जानने और उसमें सुधार के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत पर DM की पैनी नजर
बैठक में आयुष्मान भारत योजना की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि जल्द से जल्द कार्ययोजना बनाकर प्रगति लाई जाए।
जिलाधिकारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों की स्थिति सुधारने के लिए भी बड़ा निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जहां-जहां सुधार की जरूरत है, वहां की सूची तैयार कर आयुष्मान भारत योजना के तहत मिलने वाले फंड से काम कराया जाए।
आशा कार्यकर्ताओं के कामकाज की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने साफ कहा कि जो आशाएं निष्क्रिय हैं, उन्हें हटाकर नई नियुक्ति की जाए। उनका मानना है कि जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में आशाओं की भूमिका बेहद अहम है।
स्वास्थ्य बैठक के साथ-साथ जिलाधिकारी ने रोजगार को लेकर भी अहम कदम उठाए। प्रदेश सरकार के नौ साल पूरे होने के मौके पर रोजगार मिशन के तहत बड़े रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। 24 मार्च 2026 को राजकीय महामाया महाविद्यालय, ओसा, मंझनपुर में होने वाले इस मेले के प्रचार के लिए जिलाधिकारी ने प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन पूरे जिले में घूमकर युवाओं को रोजगार के अवसरों के बारे में जागरूक करेंगे।
बैठक में संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई। जानकारी दी गई कि 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक विशेष अभियान चलाया जाएगा, जबकि 10 अप्रैल से दस्तक अभियान शुरू होगा। इस दौरान मलेरिया, डेंगू, दिमागी बुखार जैसे खतरनाक रोगों पर नियंत्रण के लिए जागरूकता और इलाज दोनों पर जोर दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि तय समय में पूरी तैयारी कर ली जाए और अभियान को पूरी गंभीरता से चलाया जाए।