
Bulandshahr News: बुलंदशहर में शनिवार को उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब जिला जज की सरकारी गाड़ी अचानक सड़क हादसे का शिकार हो गई। नगर कोतवाली क्षेत्र के लल्ला बाबू रोड पर रॉन्ग साइड से आ रही एक तेज रफ्तार कार को बचाने के चक्कर में सरकारी वाहन का चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि हादसे के समय जिला जज खुद वाहन में मौजूद नहीं थे।
जानकारी के मुताबिक शनिवार अपराह्न करीब 11 बजे लल्ला बाबू रोड पर जिला जज की सरकारी गाड़ी जा रही थी। इसी दौरान सामने से एक तेज रफ्तार कार रॉन्ग साइड से आती दिखाई दी। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार काफी ज्यादा थी और उसे सामने देखकर सरकारी वाहन के चालक ने टक्कर से बचने की कोशिश की। इसी दौरान चालक ने अचानक गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद सरकारी वाहन सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर के बाद वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, हादसा काफी जोरदार था और कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे के वक्त जिला जज सरकारी वाहन में मौजूद नहीं थे। गाड़ी में ड्राइवर समेत तीन युवक सवार थे। गनीमत रही कि हादसे में तीनों सुरक्षित बताए जा रहे हैं। अगर जिला जज उस समय वाहन में मौजूद होते तो मामला और गंभीर हो सकता था।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त सरकारी वाहन को कब्जे में ले लिया है। वहीं, अब उस कार की भी तलाश और जांच की जा रही है, जो कथित तौर पर रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रही थी। सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने बताया कि हादसे के समय जिला जज वाहन में सवार नहीं थे। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि रॉन्ग साइड से आ रही कार की वजह से यह स्थिति कैसे बनी।
Location : Bulandshahr
Published : 12 September 2026, 1:00 PM IST