

मुजफ्फरनगर के बागोवाली गांव में सऊदी अरब में हुए पति-पत्नी के विवाद का असर भारत में दिखा। पत्नी की शिकायत पर मायके पक्ष ने ससुराल में जमकर लाठी-डंडे बरसाए।
पीड़ित महिलाएं
Muzaffarnagar: पति-पत्नी के आपसी विवाद ने एक बार फिर हिंसा का रूप ले लिया है। मामला उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित बागोवाली गांव का है, जहां एक महिला द्वारा सऊदी अरब से मायके में की गई शिकायत के बाद ससुराल में जमकर लाठी-डंडे चले। पूरा घटनाक्रम CCTV कैमरे में कैद हुआ, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
प्रेम विवाह से लेकर सऊदी तक का सफर
घटना की शुरुआत होती है जब फरदीन निवासी बागोवाली ने अपने गांव की ही सानिया से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद फरदीन सानिया को अपने साथ सऊदी अरब ले गया, जहां वह ठेकेदारी का कार्य करता है। दोनों के दो बच्चे भी हैं और वे सऊदी में ही रहते हैं।
फिर हुआ विवाद
हाल ही में दोनों के बीच सऊदी में आपसी विवाद हो गया, जिसके बाद सानिया ने अपने मायके वालों को इस बारे में बताया। सानिया की शिकायत पर 11 सितंबर को उसका भाई दानिश, अन्य परिजनों के साथ फरदीन के घर पहुंचा और ससुराल पक्ष पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
महिलाएं भी बनीं निशाना
हमले में फरदीन की चाची, पत्नी और बहन सहित कई महिलाओं को गंभीर चोटें आई हैं। हड्डी टूटने और अंदरूनी चोटों की भी पुष्टि हुई है। फरदीन के चाचा जाहिद के अनुसार जब उन्होंने झगड़ा छुड़ाने की कोशिश की तो सानिया के पिता और भाई ने उन्हें भी मारकर बेहोश कर दिया।
Video सऊदी से शुरू हुआ विवाद, मुजफ्फरनगर में लाठीचार्ज में बदला, CCTV में कैद पूरी घटना#UttarPradesh #Muzaffarnagar #Video pic.twitter.com/o7eq7bhb6a
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) September 15, 2025
पुलिस से क्या शिकायत की गई?
जाहिद ने यह भी आरोप लगाया कि दानिश एक दबंग किस्म का व्यक्ति है, जो नशे का आदी है और पूर्व में हत्या के मामले में आरोपी रह चुका है। उन्होंने कहा, "हमें केवल न्याय चाहिए, हमारी बहू को हमने घर से बेदखल कर दिया था, लेकिन यह हमला पूर्व नियोजित और जानलेवा था।"
पुलिस का एक्शन
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई। सीओ सिटी राजू कुमार साव ने जानकारी दी कि घटना में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मुख्य आरोपी दानिश को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस का बयान
सीओ ने बताया, "फरदीन और सानिया दोनों सऊदी अरब में रह रहे थे। वहां किसी विवाद के बाद सानिया ने इसकी जानकारी अपने भाई को दी। इसके बाद भाई दानिश ने अपने कुछ साथियों के साथ आकर फरदीन के घर पर हमला किया। वीडियो के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।"
वायरल हुआ सीसीटीवी वीडियो
घटना के दौरान का पूरा घटनाक्रम एक घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया, जिसे किसी ने सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और भगदड़ मचती है।