पत्नी की नाक काटने के बाद ससुर ने भी लिया बदला, लखीमपुर में हैरान करने वाला मामला

लखीमपुर खीरी के पढुआ थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद ने ऐसा रूप ले लिया कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। आरोप है कि पति ने पत्नी की नाक काट दी, जिसके बाद गुस्साए ससुर ने दामाद की बहन की नाक काट दी। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 12 July 2026, 9:52 PM IST

Lakhimpur Kheri : जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति-पत्नी के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि मायके जाने की बात से नाराज पति ने अपनी पत्नी की पिटाई करने के बाद दांतों से उसकी नाक काट ली। घटना की जानकारी जब महिला के मायके वालों को हुई तो वे मौके पर पहुंचे, जहां दोनों परिवारों के बीच जमकर विवाद हुआ। इस दौरान गुस्साए ससुर ने अपने दामाद की बहन की नाक काट दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मायके जाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार, मामला पढुआ थाना क्षेत्र के ढखेरवा कस्बे का है। यहां रहने वाले श्रवण कुमार कश्यप और उनकी पत्नी प्रीती कश्यप के बीच चचेरी बहन की शादी में मायके जाने को लेकर विवाद हुआ था। प्रीती शादी में शामिल होने के लिए अपने मायके जाना चाहती थी, लेकिन पति इस बात से नाराज हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर श्रवण ने पहले पत्नी के साथ मारपीट की और फिर दांतों से उसकी नाक काट दी।

बेटी की हालत देख मायके वाले पहुंचे घर

घटना के बाद घायल हालत में प्रीती ने अपने मायके वालों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही चचरा पुरवा गांव निवासी उसके पिता बनवारी लाल और परिवार के अन्य लोग बेटी के घर पहुंचे। बताया जा रहा है कि वहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।

लखीमपुर खीरी में गोमाता अभियान के बीच शंकराचार्य का बड़ा बयान, अब आगे क्या होगा?

बदले में दामाद की बहन की नाक काटने का आरोप

आरोप है कि इसी दौरान गुस्साए प्रीती के पिता बनवारी लाल ने अपने दामाद की बहन मोनी की नाक काट दी। घटना के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलने पर पढुआ थाना प्रभारी मोहित पुंडीर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Lakhimpur Kheri

Published :  12 July 2026, 9:52 PM IST