
रेमा में डीजल चोरी का भंडाफोड़
Chandauli: रात का सन्नाटा, सुनसान सड़क और एक टैंकर… ऊपर से सब कुछ सामान्य दिख रहा था, लेकिन अंदर चल रहा था लाखों का खेल। जैसे ही पुलिस ने दबिश दी, राज खुल गया। डीजल चोरी का पूरा ऑपरेशन मौके पर ही पकड़ा गया और सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस टैंकर की जिम्मेदारी डीजल सुरक्षित पहुंचाने की थी, उसी का चालक इस पूरे खेल का सरगना निकला। रेमा गांव में हुई इस कार्रवाई ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
शनिवार रात अलीनगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रेमा गांव में क्राइम ब्रांच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारा। यह ऑपरेशन पूरी तरह गुप्त सूचना के आधार पर किया गया था। क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां डीजल चोरी का काम जारी था। बिना समय गंवाए पुलिस ने कार्रवाई की और दो लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
चंदौली में ट्रेन चल चुकी थी, तभी नीचे दिखा युवक… स्टेशन पर मच गया हड़कंप
जांच में सामने आया कि इस पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि खुद टैंकर चालक ही था। वह अपने सहयोगी के साथ मिलकर रास्ते में ही डीजल निकालने का काम कर रहा था। पुलिस के मुताबिक, टैंकर अलीनगर डिपो से करीब 12 हजार लीटर डीजल लेकर मऊ की ओर जा रहा था। लेकिन गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही योजनाबद्ध तरीके से डीजल की चोरी की जा रही थी।
जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, वहां डीजल निकालने की प्रक्रिया जारी थी। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में घनश्याम शुक्ला और क्राइम ब्रांच की टीम भी मौजूद रही। टैंकर को कब्जे में लेकर पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
यह कोई पहली घटना नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, इलाके में डीजल चोरी का यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय है। कुछ समय पहले भी इसी तरह की कार्रवाई में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया था। उस मामले में एक हेड कांस्टेबल का नाम भी सामने आया था, जिस पर मुकदमा दर्ज किया गया था। उस दौरान करीब 1000 लीटर डीजल भी बरामद किया गया था।
Location : Chandauli
Published : 12 April 2026, 1:50 PM IST