छठी मइया के दरबार में अटूट आस्था! कोई पैदल तो कोई दंडवत करते पहुंचा गोरखनाथ घाट, भावुक कर देंगी ये तस्वीरें

गोरखपुर में छठ महापर्व के दौरान आस्था की अनोखी तस्वीर देखने को मिली। अपनी मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु कोई पैदल तो कोई सड़क पर दंडवत करते हुए राप्ती नदी के गोरखनाथ घाट पहुंचा। संतान की खुशहाली और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ श्रद्धालुओं ने छठी मइया की आराधना की और डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 15 November 2026, 6:55 PM IST

Gorakhpur: तपती सड़क, शरीर में थकान और रास्ते में पड़ते शारीरिक कष्ट भी श्रद्धालुओं के कदम नहीं रोक पाए। मन में छठी मइया के प्रति अटूट विश्वास और अपनी मन्नत पूरी होने की खुशी लेकर कोई पैदल तो कोई सड़क पर दंडवत करते हुए राप्ती नदी के गोरखनाथ घाट पहुंचा। रविवार को गोरखपुर की सड़कों पर आस्था की ऐसी तस्वीर देखने को मिली, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया।

दंडवत करते हुए घाट तक पहुंचे श्रद्धालु

रविवार को गोरखनाथ घाट की ओर जाने वाले रास्तों पर भक्ति और समर्पण का अनोखा नजारा देखने को मिला। छठी मइया के प्रति श्रद्धा रखने वाले कई श्रद्धालु अपनी मन्नत पूरी होने पर दंडवत यात्रा करते हुए घाट की ओर बढ़ते दिखाई दिए। उनकी यात्रा का तरीका भी बेहद खास था। श्रद्धालु पहले सड़क पर पूरी तरह लेटकर धरती को प्रणाम करते, फिर उठकर कुछ कदम आगे बढ़ते और दोबारा दंडवत करते हुए आगे निकल जाते। यह सिलसिला घाट तक पहुंचने तक चलता रहा।

गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनता दर्शन, सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

संतान तो परिवार की खुशहाली के लिए मांगी थी मन्नत

श्रद्धालुओं की इस कठिन साधना के पीछे उनकी अपनी-अपनी मनोकामनाएं जुड़ी हुई थीं। किसी ने संतान की खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य के लिए छठी मइया से मन्नत मांगी थी, तो कोई परिवार में सुख-शांति और समृद्धि की कामना लेकर माता के दरबार में पहुंचा था। मनोकामना पूरी होने के बाद श्रद्धालु अपनी धार्मिक मान्यता और परंपरा के अनुसार दंडवत यात्रा कर छठी मइया के प्रति आभार प्रकट कर रहे थे।

छठी मइया के दरबार में अटूट आस्था (IMG: Dynamite News)

गोरखनाथ घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

छठ महापर्व के मौके पर गोरखनाथ घाट सहित राप्ती नदी के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही घाटों पर तैयारियां और पूजन सामग्री जुटाने का सिलसिला जारी रहा। शाम होते ही व्रती महिलाएं और पुरुष परिवार के सदस्यों के साथ घाटों पर पहुंचने लगे। पारंपरिक वेशभूषा में सजी व्रती महिलाओं ने पूरे विधि-विधान और पवित्रता के साथ पूजा-अर्चना की। निर्जला व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर छठी मइया से परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

गोरखनाथ मंदिर की सुरक्षा में बड़ा फेरबदल, अचानक तबादलों से पुलिस महकमे में बढ़ी हलचल

तपस्या, त्याग और अनुशासन का पर्व है छठ

छठ महापर्व को लोक आस्था के सबसे कठिन और पवित्र पर्वों में गिना जाता है। इस पर्व में सूर्यदेव और छठी मइया की आराधना के साथ शुद्धता, संयम और अनुशासन का विशेष महत्व होता है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में व्रती कठिन नियमों का पालन करते हैं। निर्जला व्रत से लेकर घाटों पर सूर्यदेव को अर्घ्य देने तक हर परंपरा के पीछे श्रद्धा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का भाव जुड़ा हुआ है।

दंडवत यात्रा ने दिखाई आस्था की गहराई

रविवार को गोरखपुर की सड़कों पर दंडवत करते हुए घाट की ओर बढ़ते श्रद्धालुओं का दृश्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। किसी ने अपनी मनोकामना पूरी होने पर यह कठिन रास्ता चुना तो किसी ने छठी मइया के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करने के लिए दंडवत यात्रा की।

Location :  Gorakhpur

Published :  15 November 2026, 6:50 PM IST