
देवरिया के एकौना में फर्जी पासपोर्ट बनाने के रैकेट का भंडाफोड़(Source: Dynamite News)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में जालसाजी कर फर्जी पासपोर्ट बनवाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एकौना थाना क्षेत्र के सरांव बुजुर्ग गांव के पूर्व ग्राम प्रधान और उनके भाई पर गंभीर धाराओं में शिकंजा कसा गया है। आरोप है कि सरकारी दस्तावेजों के साथ छेड़छाड़ कर दो अलग-अलग पहचानों पर पासपोर्ट तैयार किए गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है।
पूरा मामला तब उजागर हुआ जब जांच में पता चला कि जितेंद्र कुमार शुक्ला नाम के व्यक्ति ने अपनी जन्मतिथि और नाम बदलकर दो अलग-अलग पासपोर्ट बनवा लिए थे। शातिर तरीके से एक पासपोर्ट 'जितेंद्र' के नाम पर तो दूसरा 'मुन्ना शुक्ला' के नाम पर बनवाया गया।
इतना ही नहीं, जालसाजी को पुख्ता करने के लिए पिता का नाम भी बदल दिया गया। इस पूरे खेल में असली पहचान को छिपाने के लिए कूट रचित दस्तावेजों का सहारा लिया गया।
आरोप है कि आरोपी जितेंद्र के भाई और पूर्व ग्राम प्रधान हृदय नारायण शुक्ला ने इस फर्जीवाड़े में मुख्य भूमिका निभाई। पूर्व प्रधान ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए कूटरचित प्रमाणपत्र तैयार किए और उसी आधार पर थाने से वेरिफिकेशन रिपोर्ट भी लगवा ली।
Gorakhpur Crime: चाकू-बांकी से हमला करने वाला आरोपी का हुआ ये हाल, पढ़ें पूरी खबर
इन फर्जी दस्तावेजों की मदद से प्रशासन को गुमराह किया गया और सफलतापूर्वक दूसरा पासपोर्ट जारी करवा लिया गया।
इस बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब भेड़ी गांव निवासी शिकायतकर्ता उमापति शुक्ला ने पुलिस अधीक्षक देवरिया से इसकी लिखित शिकायत की। मतदाता सूची और खतौनी के मिलान के दौरान नाम और पते की हेराफेरी पकड़ी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ हरिराम यादव को जांच सौंपी गई है। पुलिस ने पासपोर्ट अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Location : Deoria
Published : 1 May 2026, 11:33 PM IST