
Gorakhpur: नगर पंचायत उनवल में विकास की रफ्तार एक बार फिर तेज हो गई है। शुक्रवार का दिन नगर पंचायत के इतिहास में विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज हो गया, जब अध्यक्ष महेश कुमार दुबे ने विभिन्न वार्डों में कुल 5 प्रमुख निर्माण कार्यों का एक साथ शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। उनके इस कदम से पूरे नगर में उत्साह का माहौल है।
जलभराव और खराब सड़कों जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी
नगर पंचायत अध्यक्ष महेश कुमार दुबे ने शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्पष्ट कहा कि उनका लक्ष्य उनवल को एक आदर्श नगर पंचायत के रूप में विकसित करना है। उन्होंने बताया कि “सबका साथ, सबका विकास” की भावना को केंद्र में रखते हुए नगर के हर वार्ड में जरूरतों के अनुसार बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नाली और सीसी रोड का निर्माण उनकी प्राथमिकता है, जिससे नागरिकों को जलभराव और खराब सड़कों जैसी समस्याओं से राहत मिल सके।
अध्यक्ष दुबे ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी निर्माण कार्यों को स्थानीय वार्ड सभासदों की राय, क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकता और जनता की सहमति के आधार पर ही स्वीकृत किया गया है। इससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि विकास कार्य केवल कागजों पर नहीं बल्कि जमीन पर वास्तविक जरूरतों के अनुरूप उतरे।
इन वार्डों में हुए 5 प्रमुख विकास कार्यों का शिलान्यास
वार्ड नं-2 : देश के वीर शहीद दिवाकर यादव के आवास तक नाली और सड़क निर्माण कार्य। यह कार्य न केवल बुनियादी सुविधा प्रदान करेगा, बल्कि शहीद के सम्मान को भी दर्शाता है।
वार्ड नं-6 : नाई टोला क्षेत्र में नाली निर्माण कार्य, जिससे बरसात के समय होने वाली जलभराव की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।
वार्ड नं-8 : क्षेत्र में जल निकासी को सुचारू करने के लिए नई नाली का निर्माण।
वार्ड नं-12 (झझवा): सीसी रोड का निर्माण, जिससे आवागमन सुरक्षित और आसान होगा।
वार्ड नं-12 (ट्रांसफार्मर रोड): यहां भी सीसी रोड निर्माण कार्य शुरू हुआ, जिससे लंबे समय से खराब सड़कों से परेशान लोगों को राहत मिलेगी।
कार्यक्रम में जुटी भारी भीड़, अध्यक्ष की कार्यशैली की सराहना
शिलान्यास कार्यक्रम में वार्ड सभासद दिनेश शर्मा ‘दाऊ’, योगेश वर्मा, यशवंत साहनी, राजन पासवान, पूर्व सभासद शिवशंकर राजभर, अवधेश शर्मा, चंद्रशेखर साहनी, हीरा शर्मा, राजेश राजभर, चंद्रभान गुप्ता सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने अध्यक्ष महेश दुबे की कार्यशैली की जमकर प्रशंसा की और उन्हें ‘विकास पुरुष’ की उपाधि तक दे डाली।
Location : Gorakhpur
Published : 6 December 2025, 12:45 AM IST
Topics : Gorakhpur News Nagar Panchayat Unwal UP News