आगरा के ट्रांस यमुना क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर महिला के साथ मारपीट की गई। उसके बाद घर के किचन और बेडरूम में CCTV लगाकर निगरानी करने का आरोप सामने आया। पीड़िता ने दो बेटों के साथ घर से निकाले जाने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। जांच जारी है।

Symbolic Photo
Agra: ताज नगरी आगरा से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। ट्रांस यमुना क्षेत्र में एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ना, मारपीट और यहां तक उसकी निजता भंग करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर घर के किचन और बेडरूम तक में CCTV कैमरे लगवाकर उसकी निगरानी कराई गई।
15 लाख से ज्यादा खर्च, फिर भी नहीं भरे ससुराल वालों के मन
पीड़िता की शादी 12 मार्च 2019 को हिंदू रीति-रिवाज से कपिल देव के साथ हुई थी। मायके पक्ष का दावा है कि शादी में करीब 15 लाख रुपये से ज्यादा खर्च किए गए। सोने-चांदी के जेवर, फर्नीचर, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े, 5.51 लाख रुपये नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल दी गई। इसके बावजूद ससुराल पक्ष की मांगें खत्म नहीं हुई।
वैगन-आर और 2 लाख की मांग, लगातार ताने और मारपीट
महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही वैगन-आर कार और 2 लाख रुपये नकद की मांग शुरू हो गई। मांग पूरी न होने पर उसे ताने दिए गए। गाली-गलौज की गई और कई बार मारपीट भी की गई। चार साल के बेटे कुनाल और दो माह के रियांश के जन्म के बाद भी हालात नहीं बदले।
बेडरूम तक कैमरे, निजता पर हमला
मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू CCTV कैमरों की कहानी है। पीड़िता के मुताबिक, देवर ने घर में ऐसे कैमरे लगवाए, जिनकी रिकॉर्डिंग किचन और बेडरूम तक हो रही थी। महिला का कहना है कि यह सब उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और अपमानित करने के लिए किया गया। जब उसने कैमरों की दिशा बदलने या रिकॉर्डिंग बंद करने की बात कही तो विवाद और बढ़ गया।
मारपीट, धमकी और घर से बेदखल
पीड़िता का आरोप है कि 5 नवंबर 2025 को पति, देवर, सास-ससुर और देवरानी ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और धमकी दी कि अगर दहेज नहीं लाई तो दूसरी शादी कर ली जाएगी। 12 दिसंबर 2025 को उसे दोनों बच्चों के साथ घर से बाहर निकाल दिया गया। उस वक्त छोटे बेटे रियांश की तबीयत गंभीर थी, लेकिन ससुराल पक्ष ने इलाज तक नहीं कराया। बाद में मायके वालों ने अस्पताल में भर्ती कर इलाज करवाया।
पुलिस जांच में जुटी
महिला का कहना है कि शादी में दिया गया सारा दान-दहेज और स्त्रीधन अभी भी ससुराल वालों के कब्जे में है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की तस्दीक की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।