
देवरिया में बच्चे की मौत का मामला (Img: Dynamite News)
Deoria: परमार्थी पोखरा के पास स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहे 18 माह के मासूम आयांश की सोमवार रात मौत हो गई। मृतक के पिता रंजीत मद्धेशिया बरियारपुर थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर गांव के रहने वाले हैं। परिजनों के अनुसार बच्चा पिछले करीब दस दिनों से बीमार था और उसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा था।
परिजनों का आरोप है कि सोमवार रात इलाज के दौरान बच्चे को इंजेक्शन लगाया गया। इसके कुछ ही देर बाद उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। उन्होंने दावा किया कि समय रहते उचित इलाज नहीं मिलने के कारण बच्चे की मौत हो गई। हालांकि, इस मामले में चिकित्सकीय लापरवाही की पुष्टि अभी जांच के बाद ही होगी।
यह भी पढ़ें: देवरिया में चेकिंग के दौरान खुली पोल, 174 वाहनों पर चला पुलिस का डंडा; एक चालक निकला नशे में
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोग और अन्य परिजन अस्पताल के बाहर एकत्र हो गए। उन्होंने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
मंगलवार को परिजन जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की लिखित शिकायत दी। उन्होंने निष्पक्ष जांच कराने और यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मामले को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को जांच के निर्देश दिए। इसके बाद सीएमओ ने एसीएमओ डॉ. एस.के. सिन्हा, डॉ. अजीत कुमार सिंह और आर.के. श्रीवास्तव की तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई है। समिति को मामले के सभी पहलुओं की जांच कर तीन दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
यह भी पढ़ें: Deoria News: रात में अचानक बुझ गई 15 हजार घरों की बिजली, ट्रांसफार्मर में क्या हुआ कि मच गया हाहाकार?
फिलहाल पूरे मामले में स्वास्थ्य विभाग की जांच जारी है। यदि जांच में चिकित्सकीय लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित अस्पताल और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। वहीं परिजन जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Location : Deoria
Published : 12 August 2026, 7:26 PM IST
Topics : Deoria News UP News UP Police