
देवरिया में शटरिंग गिरने से मची चीख-पुकार
Deoria: जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के कौलाचक गांव में गुरुवार को निर्माणाधीन मकान की शटरिंग अचानक गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मलबे में दबकर मकान मालिक के भाई नौशाद अली (42) की मौत हो गई, जबकि दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का मेडिकल कॉलेज देवरिया में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी नवाजिस अली पुत्र अमजद अली के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। गुरुवार को मकान में शटरिंग का काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक शटरिंग भरभराकर गिर गई। हादसे में नौशाद अली के साथ काम कर रहे मजदूर सुफियान पुत्र वारिस अली (27), निवासी कौलाचक और राजमिस्त्री ओमप्रकाश प्रसाद (42), निवासी सोहनरिया मलबे में दब गए।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को मलबे से बाहर निकालकर तत्काल मेडिकल कॉलेज देवरिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने नौशाद अली को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दोनों घायलों का उपचार जारी है।
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।
Location : Deoria
Published : 13 November 2026, 7:03 AM IST