हिंदी
ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत (Img: Dynamite News)
Deoria: जिले के सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा सलेमपुर-देवरिया मार्ग पर महदहा चौराहे के पास कृष्णा मैरिज हॉल के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रेलर ने युवक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और क्षेत्र में शोक का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में उसके दोनों पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, मृतक चाँदपलिया गांव का निवासी था। वह किसी जरूरी दवा को लेने के लिए घर से निकला था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना पर सलेमपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रेलर और उसके चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ रहे भारी वाहनों पर चिंता जताई। लोगों ने प्रशासन से प्रभावी यातायात व्यवस्था लागू करने और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।
Location : Deoria
Published : 7 July 2026, 8:49 PM IST