हिंदी
सस्पेंड विनोद कुमार सिंह का फाइल फोटो (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में पुलिस प्रशासन से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। न्यायालय की कड़ी नाराजगी और सख्ती के बाद पुलिस अधीक्षक (एसपी) देवरिया अभिजीत आर शंकर ने सख्त कदम उठाते हुए सलेमपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (कोतवाल) विनोद कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर लाइन हाजिर कर दिया है। इस प्रशासनिक कार्रवाई के बाद महकमे में हड़कंप मच गया है।
यह पूरा मामला सलेमपुर कोतवाली से जुड़ा हुआ है, जहाँ पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। मिली जानकारी के अनुसार, जिले के खामपार थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्यायालय में मुकदमा दर्ज कराया था। इसी मामले से संबंधित आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर सलेमपुर कोतवाली में बैठा रखा था।
आरोप है कि पुलिस नियमों को ताक पर रखकर इस आरोपी को लगातार पांच दिनों तक थाने में बैठाए रही और उसे निर्धारित समयावधि के भीतर न्यायालय के समक्ष पेश नहीं किया गया। पुलिस की इस कार्यशैली को गंभीरता से लेते हुए मामला अदालत तक जा पहुँचा।
सदर मामला जब न्यायालय के संज्ञान में आया, तो अदालत ने इस पर बेहद कड़ा रुख अपनाया। न्यायालय ने पुलिस की इस कार्रवाई पर गहरा सवाल उठाया और यह स्पष्ट करने का निर्देश दिया कि आखिर किस नियम और प्रावधान के तहत किसी आरोपी को इतने लंबे समय तक यानी पांच दिनों तक थाने में अवैध रूप से बैठाए रखा गया।
अदालत ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन से संबंधित सभी दस्तावेज और थाने के सीसीटीवी फुटेज भी न्यायालय में प्रस्तुत करने का सख्त निर्देश दिया। अदालत के इस तीखे तेवर के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई।
न्यायालय के कड़े रुख और मामले की नजाकत को भांपते हुए देवरिया के पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने तुरंत एक्शन लिया। एसपी ने लापरवाही और नियमों के उल्लंघन के मामले में तत्कालीन सलेमपुर कोतवाल विनोद कुमार सिंह को लाइन हाजिर कर दिया।
Location : Deoria
Published : 22 October 2026, 4:06 PM IST