देवरिया में भीषण हादसा: डिवाइडर पार करते ही आमने-सामने भिड़ीं दो कारें, एक की मौत; दो की हालत गंभीर

देवरिया में सोमवार को दो कारों की आमने-सामने हुई टक्कर ने इलाके में हड़कंप मचा दिया। एक कार डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ पहुंची और फिर जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कई लोग घायल हुए, जबकि इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 17 August 2026, 12:28 PM IST

Deoria: गौरी बाजार थाना क्षेत्र के बैतालपुर में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हिंदुस्तान पेट्रोलियम के सामने दो कारों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों में सवार कई लोग घायल हो गए। घायलों को आनन-फानन में देवरिया मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

अचानक बिगड़ा कार का संतुलन

जानकारी के मुताबिक, कार देवरिया से गोरखपुर की तरफ जा रही थी। बताया जा रहा है कि इसी दौरान कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर को पार करते हुए दूसरी दिशा से आ रही कार से जा भिड़ी। दोनों कारों की टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

बताया गया कि देवरिया से आ रही कार में करीब सात लोग सवार थे। हादसे में अबूबकर, शारिफ और असलम समेत कई लोग घायल हुए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए देवरिया मेडिकल कॉलेज भेजा गया। यहां उपचार के दौरान शारिफ ने दम तोड़ दिया। वहीं अन्य घायलों का इलाज जारी है।

ये भी पढ़ें- हनीमून के कमरे से गूंजीं मौत की चीखें: दुल्हन को पीरियड्स आने पर पति ने दिखाया राक्षसी रूप, होटल स्टाफ ने ऐसे बचाई जान

मौके पर पहुंची पुलिस और मेडिकल टीम

हादसे की सूचना मिलते ही गौरी बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। मेडिकल टीम की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना के बाद सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण यातायात भी प्रभावित हुआ। क्रेन की मदद से दोनों कारों को सड़क किनारे कराया गया, जिसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।

घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर राजेश चतुर्वेदी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि देवरिया से गोरखपुर जा रही कार में सात लोग सवार थे और हादसे में दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों का देवरिया मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।

ये भी पढ़ें- यूपी पुलिस को बदमाशों की खुलेआम चुनौती, अमरोहा में कई राउंड फायरिंग; दो गुटों में गैंगवार कनेक्शन 

पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद काफी देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Location :  Deoria

Published :  17 August 2026, 12:27 PM IST