Deoria: पुलिस और बदमाशों के बीच फिल्मी अंदाज में मुठभेड़, गोली लगते ही उगल दिए कई बड़े राज

देवरिया में आधी रात हुई पुलिस मुठभेड़ ने इलाके में सनसनी फैला दी। केटीएम बाइक से भाग रहे दो युवकों को रोकने की कोशिश के बाद जो हुआ, उसने पुलिस को भी चौंका दिया। फायरिंग, पीछा और फिर घायल बदमाश से जुड़े कई खुलासे सामने आए हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 May 2026, 9:43 AM IST

Deoria: देवरिया जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। देर रात थाना रुद्रपुर, गौरीबाजार और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद झपटमारी गैंग के दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान हुई फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसका साथी मौके से दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध तमंचे, कारतूस, नकदी, आभूषण और केटीएम बाइक बरामद की है।

संदिग्ध बाइक ने बढ़ाया पुलिस का शक

पुलिस के अनुसार 9 और 10 मई की रात करीब साढ़े 11 बजे थाना गौरीबाजार क्षेत्र के रामपुर चौराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक केटीएम बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक इलाके में पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सतर्क हो गई और बैरिकेडिंग कर वाहनों की जांच तेज कर दी गई।

कुछ ही देर बाद यूपी 53 EV 6044 नंबर की केटीएम बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों बैरियर तोड़ते हुए तेज रफ्तार में भाग निकले। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा शुरू कर दिया।

Raebareli: पुराने कुएं के पास बैठना पड़ा भारी, संतुलन बिगड़ते ही मौत के मुंह में समाया व्यक्ति

पुलिया के पास फिसली बाइक

भागते हुए बदमाश गुरूजघाट पुलिया के पास पहुंचे। मोड़ पर तेज रफ्तार के कारण उनकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। खुद को पुलिस से घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक बदमाश के बाएं पैर में जा लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं दूसरा आरोपी मौके पर ही पकड़ लिया गया।

घायल बदमाश की पहचान जैनुद्दीन उर्फ गोगा निवासी फाजिलनगर थाना पटहेरवा के रूप में हुई है। उसका दूसरा साथी बाल अपचारी बताया जा रहा है। घायल आरोपी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया में भर्ती कराया गया है।

बदायूं में तेज रफ्तार का कहर, आधा दर्जन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

पूछताछ में खुलीं कई झपटमारी की वारदातें

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कई झपटमारी की घटनाओं का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 2 मई को बैतालपुर स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास एक महिला का बैग छीना था। इसके अलावा 26 अप्रैल को इजरही इलाके में बाइक से जा रही महिला का पर्स भी झपट लिया था। इन मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज थे और पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।

भारी मात्रा में सामान बरामद

पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से दो अवैध तमंचा 315 बोर, छह जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, सोने की अंगूठी, सफेद धातु की हाथ पलानी, छह हजार रुपये नकद और केटीएम बाइक बरामद की है। पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Location :  Deoria

Published :  10 May 2026, 9:43 AM IST