
रामभरोस चल रहा रुद्रपुर तहसील का कामकाज (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Deoria: रुद्रपुर तहसील में सरकारी व्यवस्था इन दिनों भगवान भरोसे चल रही है। सरकारी कर्मियो के नदारद होने के कारण तहसील परिसर में कई महत्वपूर्ण कार्यों का संचालन निजी कर्मचारियों के सहारे चल रहा है। जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सरकारी कर्मचारियों की अनुपस्थिति में निजी कर्मी ही फाइलों का संचालन, आवेदन पत्रों की जांच और अन्य कार्यालयी कार्य संभाल रहे हैं। इससे न केवल कार्यप्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं, बल्कि लोगों को समय पर न्याय और सुविधा भी नहीं मिल पा रही है।
तहसील में प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज, आय, जाति और निवास संबंधी कार्यों के लिए आने वाले फरियादियों का कहना है कि उन्हें घंटों लाइन में लगना पड़ता है, इसके बावजूद काम समय से पूरा नहीं हो पाता। कई लोगों ने आरोप लगाया कि बिना “सुविधा शुल्क” के काम आगे नहीं बढ़ता।
वहीं तहसील परिसर में अव्यवस्था का आलम यह है कि आम नागरिकों को सही जानकारी देने वाला कोई जिम्मेदार अधिकारी समय पर उपलब्ध नहीं रहता। ऐसे में प्राइवेट कर्मचारियों की भूमिका लगातार बढ़ती जा रही है।
स्थानीय नागरिकों और अधिवक्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि तहसील में सरकारी कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और निजी लोगों से कराए जा रहे कार्यों की जांच कर कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। देवरिया से डाइनामाइट न्यूज़ की रिपोर्ट।
Location : Deoria
Published : 8 May 2026, 7:49 PM IST