
देवरिया से राजभर का बड़ा ऐलान
Deoria: यूपी के देवरिया पहुंचे सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने आरक्षण, जातिवार जनगणना और पूर्वांचल राज्य के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया। मंच से संबोधित करते हुए राजभर ने दावा किया कि उन्होंने 27 प्रतिशत आरक्षण के बंटवारे को लेकर प्रधानमंत्री से मुलाकात की थी। राजभर के मुताबिक प्रधानमंत्री ने जातिवार जनगणना के बाद आरक्षण के बंटवारे की बात कही थी।
राजभर ने विपक्षी दलों सपा, बसपा और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जनता को तय करना है कि प्रधानमंत्री पर भरोसा किया जाए या विपक्षी दलों के नेताओं पर। ओमप्रकाश राजभर ने अपने संबोधन में कहा कि राजभर समाज के युवाओं में राजनीतिक पहचान बढ़ी है और इसके लिए उन्होंने अपनी भूमिका का दावा किया। उन्होंने युवाओं से हिम्मत नहीं हारने की अपील की।
राजभर ने आगे कहा कि उनकी मंशा है कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश का चार हिस्सों में बंटवारा हो और पूर्वांचल अलग राज्य बने। उन्होंने दावा किया कि अगर पूर्वांचल राज्य अलग हुआ तो राजभर समाज का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा।
राजभर ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि वे इसी बड़ी मंजिल को ध्यान में रखकर जमीन पर काम करें। उनका इशारा साफ था कि समाज अब छोटे-मोटे फायदों तक सीमित न रहे, बल्कि सूबे की सबसे बड़ी सत्ता में सीधी हिस्सेदारी की तैयारी करे।
उत्तर प्रदेश को चार हिस्सों में बांटने की बात पहले भी राजनीति में उठती रही है। 2011 में मायावती सरकार ने विधानसभा में प्रदेश को पूर्वांचल, बुंदेलखंड, पश्चिम प्रदेश और अवध प्रदेश में बांटने का प्रस्ताव पास किया था। बाद में यह प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया था।
Location : Deoria,
Published : 21 September 2026, 6:36 AM IST