
देवरिया में नए डीएम ने किया पदभार ग्रहण (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Deoria: जनपद में नवागत जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी (आईएएस) ने आज विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। शासन के निर्देशानुसार उन्होंने कोषागार पहुंचकर 69वें जिलाधिकारी के रूप में पदभार संभाला। वर्ष 2015 बैच के आईएएस अधिकारी हुल्गी मूल रूप से कर्नाटक के निवासी हैं। पदभार ग्रहण करने से पूर्व वे मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थे।
कार्यभार संभालने के बाद जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की सभी योजनाओं और कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है। इसके लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। जनता के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर प्रशासन को अधिक संवेदनशील और जवाबदेह बनाया जाएगा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा में किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
देवरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पाक्सो एक्ट में वांछित आरोपी गिरफ्तार
पदभार ग्रहण करने के बाद जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न्यायालय कक्ष, एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष, ई-डिस्ट्रिक्ट कार्यालय, नजारत, संयुक्त कार्यालय, भूलेख, अभिलेखागार और नवीन सभागार सहित विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखागार में दस्तावेजों के उचित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी रिकॉर्ड सुव्यवस्थित और सुरक्षित होने चाहिए ताकि प्रशासनिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने अपने कक्ष में अधिकारियों से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद उन्होंने आमजन से मुलाकात कर जनसुनवाई की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने कहा कि जनसुनवाई प्रशासन की प्राथमिकता है और हर नागरिक की समस्या का समाधान समय पर होना चाहिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त) रामशंकर, उपजिलाधिकारी सदर सीमा पांडेय, उपजिलाधिकारी रुद्रपुर अवधेश कुमार निगम, वरिष्ठ कोषाधिकारी अतुल कुमार पाण्डेय, प्रशासनिक अधिकारी सुशील कुमार, डीआईओ एनआईसी कृष्णानंद यादव, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर राजीव कुमार मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Location : Deoria
Published : 6 May 2026, 12:33 PM IST