सावधान! अगर आप भी उड़ा रहे हैं चाइनीज मांझा तो जरूर पढ़ें यह खबर… आपकी एक गलती पहुंचा सकती है सलाखों के पीछे

गोरखपुर में प्रतिबंधित चाइनीज और सिंथेटिक मांझे के खिलाफ राजघाट पुलिस ने सघन अभियान चलाया। पतंग-मांझे की दुकानों पर चरखियां खोलकर जांच की गई, लेकिन कोई प्रतिबंधित मांझा नहीं मिला। पुलिस ने लाउडस्पीकर से लोगों को जागरूक किया और ड्रोन से संवेदनशील इलाकों व छतों की निगरानी की।

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में प्रतिबंधित चाइनीज और सिंथेटिक मांझे के खिलाफ राजघाट पुलिस ने रविवार को सख्त अभियान चलाकर पतंग कारोबारियों और आमजन को चेतावनी दी। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कोतवाली के नेतृत्व में थानाध्यक्ष राजघाट की टीम ने थाना क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, चौराहों और घनी आबादी वाले इलाकों में सघन चेकिंग के साथ जागरूकता अभियान चलाया।

दुकानों पर अचानक पहुंची पुलिस

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने पतंग एवं मांझे की दुकानों पर आकस्मिक छापेमारी जैसी सघन जांच की। दुकानों में रखी मांझे की चरखियों को खोलकर उनकी जांच की गई, ताकि प्रतिबंधित सिंथेटिक या चाइनीज मांझे की बिक्री और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। हालांकि, चेकिंग के दौरान किसी भी दुकान से प्रतिबंधित चाइनीज या सिंथेटिक मांझा बरामद नहीं हुआ।

Gorakhpur News: अपहरण मामले का वांछित आरोपी गिरफ्तार, गगहा पुलिस ने चलाया अभियान

लाउडस्पीकर से लोगों को किया जागरूक

पुलिस वाहनों में लगे लाउडस्पीकर के जरिए लोगों को प्रतिबंधित मांझे के इस्तेमाल से होने वाली दुर्घटनाओं और जनहानि के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की कि जानलेवा साबित हो सकने वाले प्रतिबंधित मांझे का इस्तेमाल न करें और इसकी बिक्री या भंडारण की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

ड्रोन से संवेदनशील क्षेत्रों और छतों पर नजर

अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस ने ड्रोन कैमरे का भी इस्तेमाल किया। संवेदनशील इलाकों के साथ ही विभिन्न स्थानों की छतों की निगरानी की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से पतंग और मांझा कारोबारियों में भी सतर्कता देखने को मिली।

Gorakhpur News: जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही पिता ने भी तोड़ा दम, एक ही रात में उठीं पिता-पुत्र की अर्थियां

दुकानदारों को सख्त हिदायत

राजघाट पुलिस ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रतिबंधित चाइनीज/सिंथेटिक मांझे की बिक्री, भंडारण अथवा उपयोग किसी भी स्थिति में न किया जाए। पुलिस टीम ने जागरूकता पर्चे वितरित किए और उन्हें दुकानों के बाहर चस्पा करने के निर्देश दिए। पुलिस ने कहा कि प्रतिबंधित मांझे के कारण राहगीरों, बाइक सवारों, पक्षियों और अन्य जीवों के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता है। ऐसे में अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  16 August 2026, 8:53 PM IST

Advertisement