हिंदी
Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया नगर पालिका परिषद में वर्तमान समय में कराए जा रहे विकास कार्यों को लेकर एक बड़ा सियासी भूचाल आ गया है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी विजय रामायण राव ने 'डाइनामाइट न्यूज़' को दिए एक विशेष इंटरव्यू में वर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी (EO) के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने शहर के विकास कार्यों में हो रही घोर लापरवाही और वित्तीय अनियमितताओं को लेकर बेहद गंभीर सवाल खड़े किए हैं और जिला प्रशासन व जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर तीखा निशाना साधा है।
'डाइनामाइट न्यूज़' से बातचीत करते हुए पूर्व प्रत्याशी विजय रामायण राव ने आरोप लगाया कि नगर क्षेत्र में कराए जा रहे ज्यादातर विकास कार्य पूरी तरह से गुणवत्ता विहीन हैं। ठेकेदार और अधिकारी मिलकर केवल खानापूर्ति करने में जुटे हैं, जिसका सीधा खामियाजा देवरिया की बेकसूर जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स की गाढ़ी कमाई का दुरुपयोग किया जा रहा है और मानक विहीन निर्माण के चलते कई स्थानों पर हाल ही में बनाई गई नई सड़कें अभी से टूटने लगी हैं।
विजय रामायण राव ने शहर की जमीनी हकीकत बयां करते हुए कहा कि नगर की सड़कों नालियों और ड्रेनेज सिस्टम से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य महीनों से अधूरे पड़े हैं। ठेकेदारों ने जगह-जगह सड़कें और गलियां खोदकर छोड़ दी हैं। जिसके कारण स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेताया कि आगामी बरसात से पहले भी जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की जा सकी है, जिससे इस बार भी कई प्रमुख मोहल्लों में भयंकर जलभराव की समस्या पैदा होना लगभग तय है। नाली निर्माण का कार्य भी कछुआ गति से चल रहा है।
इंटरव्यू के दौरान उन्होंने प्रशासन से पुरजोर मांग की कि देवरिया नगर पालिका के अंतर्गत चल रहे सभी विकास कार्यों की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए। मानकों की अनदेखी करने वाले दोषी अधिकारियों तथा घटिया निर्माण करने वाले ठेकेदारों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
'डाइनामाइट न्यूज़' की ग्राउंड रिपोर्ट में स्थानीय नागरिकों ने भी पूर्व प्रत्याशी के आरोपों का समर्थन करते हुए नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी जताई। लोगों का कहना है कि विकास के नाम पर सिर्फ कागजी घोड़े दौड़ाए जा रहे हैं और बार-बार शिकायत करने के बाद भी जिम्मेदार अधिकारी उनकी समस्याओं का समाधान नहीं कर रहे हैं।
दूसरी ओर, इस पूरे मामले पर अपनी सफाई देते हुए नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि सभी विकास कार्य निर्धारित सरकारी मानकों के अनुसार ही कराए जा रहे हैं। अधिकारियों का दावा है कि जहां कहीं से भी घटिया निर्माण की शिकायत मिल रही है, वहां मौके पर जांच कराकर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।
Location : Deoria
Published : 16 May 2026, 12:37 PM IST