
देवरिया-कसया मार्ग पर चलती कार में लगी भीषण आग(Source: Google)
Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक डरा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ देवरिया-कसया मार्ग पर मंगलवार शाम एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि कार धू-धू कर जलने लगी। इस घटना के बाद सड़क पर यात्रियों और राहगीरों के बीच हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा तरकुलवा थाना क्षेत्र के बनवारी टोला के पास हुआ। कार सवार लोग अभी रास्ते में ही थे कि अचानक इंजन से धुआं निकलने लगा। जब तक चालक कुछ समझ पाता, लपटें तेज हो गईं। गनीमत रही कि कार में सवार लोग समय रहते बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
देवरिया में बड़ा हादसा टला! देवरिया-कसया मार्ग पर चलती कार बनी आग का गोला। तरकुलवा के बनवारी टोला के पास लगी भीषण आग। दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं।#Deoria #BreakingNews #CarFire #UPNews #Tarkulwa #DynamiteNews #RoadSafety pic.twitter.com/gwbNHsQP92
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 12, 2026
आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने आवागमन रोक दिया। इसके चलते देवरिया-कसया मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुँची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। आग बुझने के बाद पुलिस ने सड़क से कार को हटवाया और यातायात सुचारू रूप से बहाल कराया। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ होगा।
Location : Deoria
Published : 12 May 2026, 11:55 PM IST
Topics : Breaking News Car Fire Deoria Deoria Kasia Road UP News