स्कूल गया था 7 साल का शिवा, 24 घंटे बाद पोखरी में मिला शव, तीन थानों की पुलिस पहुंची

देवरिया के बरवा मीरछापर गांव में प्राथमिक विद्यालय से लापता सात वर्षीय शिवा मद्धेशिया का शव करीब 24 घंटे बाद स्कूल से महज 100 मीटर दूर पोखरी में मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मौके पर तीन थानों की पुलिस पहुंची। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 November 2026, 2:52 PM IST

Deoria: स्कूल पढ़ने गया सात साल का मासूम अचानक लापता हो गया। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन करीब 24 घंटे बाद उसका शव स्कूल से महज 100 मीटर दूर एक पोखरी में पड़ा मिला। दिल दहला देने वाला यह मामला देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के बरवा मीरछापर गांव का है। मंगलवार शाम करीब छह बजे सात वर्षीय शिवा मद्धेशिया का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने बच्चे की हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।

नाना के घर रहकर पढ़ाई करता था शिवा

जानकारी के मुताबिक, शिवा के पिता जनार्दन मद्धेशिया मूल रूप से बघौचघाट थाना क्षेत्र के बनकटा बाजार गांव के रहने वाले हैं। वह अपनी पत्नी के साथ दिल्ली में रहकर नौकरी करते हैं। सात वर्षीय शिवा अपने नाना ध्रुप मद्धेशिया के घर बरवा मीरछापर गांव में रहकर पढ़ाई करता था।

जांच में जुटी पुलिस (Image: Dynamite News)

बताया जा रहा है कि शिवा रोज की तरह गांव के प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने गया था। दोपहर में स्कूल से निकलने के बाद वह घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद शिवा के मामा धनंजय मद्धेशिया ने रामपुर कारखाना थाने में सूचना दी। परिजनों ने विद्यालय के शिक्षकों पर भी बच्चे को गायब करने का आरोप लगाया था।

स्कूल से 100 मीटर दूर पोखरी में मिला शव

पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर रात से ही बच्चे की तलाश शुरू कर दी थी। मंगलवार को दरोगा आनंद कुमार ने प्राथमिक विद्यालय पहुंचकर प्रधानाध्यापक से बच्चे के संबंध में जानकारी ली।

इसी बीच मंगलवार शाम करीब छह बजे अकटहिया मंदिर के पास सुंदरीकरण कराई गई पोखरी में एक बच्चे का शव मिलने की सूचना मिली। यह पोखरी विद्यालय से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। पुलिस ने शव को पोखरी से बाहर निकलवाया। मौके पर पहुंचे मामा धनंजय मद्धेशिया ने शव की पहचान शिवा के रूप में की। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने किया हंगामा

शिवा का शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर रामपुर कारखाना, महुआडीह और तरकुलवा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अश्वनी प्रधान ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

उधर, बेटे की मौत की जानकारी मिलने के बाद शिवा के माता-पिता दिल्ली से घर के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चे की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल घटना को लेकर गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Location :  Deoria

Published :  25 November 2026, 2:52 PM IST