देवरिया में ऐसा क्या हुआ कि इज्जत की खातिर फंदे पर झूल गई एक मासूम बेटी? सुसाइड नोट में छिपे मिले खौफनाक राज

देवरिया में दरिंदगी और दबंगई ने एक मासूम की जान ले ली। आरोपी की अश्लील धमकी और उसके परिवार की बेरहम मारपीट से टूटी किशोरी ने सुसाइड नोट लिख फांसी लगा ली। मां के सदमे और 10 नामजद आरोपियों पर केस दर्ज होने से पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 June 2026, 11:49 AM IST

Deoria: जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। एक नाबालिग किशोरी ने कथित रूप से दुष्कर्म और उसके बाद दबंगों द्वारा घर में घुसकर की गई मारपीट व प्रताड़ना से तंग आकर मौत को गले लगा लिया। इस खौफनाक कदम को उठाने से पहले किशोरी ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसने आरोपियों के क्रूर चेहरे को बेनकाब कर दिया है। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दुष्कर्म और अश्लील वीडियो की धमकी से शुरू हुआ प्रताड़ना का खेल

परिजनों द्वारा लगाए गए संगीन आरोपों के मुताबिक, वारदात की शुरुआत तब हुई जब इलाके के ही एक युवक अंश उर्फ ढक्कन ने किशोरी को अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपी यहीं नहीं रुका, उसने इस घिनौनी करतूत का अश्लील वीडियो भी बना लिया। इसके बाद वह किशोरी को ब्लैकमेल करने लगा और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। इसी बात को लेकर पीड़ित किशोरी और आरोपी के बीच कहासुनी (तू-तू मै-मै) भी हुई थी।

Deoria Crime News: झोपड़ी में मिले लहूलुहान बुजुर्ग, इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज में हुई मौत; क्षेत्र में मचा हड़कंप

शिकायत पर भड़के आरोपी

जब इस विवाद की भनक आरोपी अंश उर्फ ढक्कन के परिवार वालों को लगी, तो उन्होंने इंसाफ करने या मामले को सुलझाने के बजाय कानून को अपने हाथ में ले लिया। आरोपी पक्ष के लोग आगबबूला हो गए और उन्होंने एक होकर, एक सुनियोजित गुट बनाया। दबंगई की सारी हदें पार करते हुए ये लोग किशोरी के घर में जबरन घुस गए।

किशोरी को अकेला पाकर बेरहमी से पीटा

घर में घुसने के बाद जब आरोपियों ने देखा कि किशोरी अकेली है, तो उन्होंने उस पर हमला बोल दिया। किशोरी को अकेला पाकर आरोपियों ने उसे बेहद बेरहमी और बुरी तरीके से मारा-पीटा। मारपीट के दौरान आरोपियों ने चीखते हुए पीड़िता को धमकाया कि "तुम मेरे लड़के को बदनाम कर रही हो, इसका खामियाजा तुमको और तुम्हारे पूरे परिवार को भुगतना होगा, इसके लिए तैयार रहो।"

लोकलाज और खौफ के कारण सुसाइड नोट लिख खत्म की जीवन लीला

दबंगों के इस खौफनाक रवैये, सरेआम हुई मारपीट और भविष्य में मिलने वाली धमकियों से नाबालिग किशोरी बुरी तरह टूट गई। वह मानसिक रूप से इस कदर आहत हुई कि लोकलाज और डर के साए में उसने आत्मघाती कदम उठाने का फैसला कर लिया। घटना के अगले ही दिन किशोरी ने अपनी पूरी आपबीती को समेटते हुए एक सुसाइड नोट लिखा और फांसी के फंदे पर लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

सदमे में मां, पूरे मोहल्ले में सनसनी

बेटी का शव फंदे से लटकता देख मां गहरे सदमे में चली गई है। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली आत्महत्या की खबर पूरे मोहल्ले में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। बदहवास मां ने हिम्मत जुटाकर सदर कोतवाली देवरिया में मुख्य आरोपी अंश उर्फ ढक्कन समेत अन्य हमलावरों के खिलाफ नामजद तहरीर दी।

Deoria Crime: 14 लाख में युवक की मौत का सौदा, रकम न मिलने पर भड़का आक्रोश

मुख्य आरोपी अंश उर्फ ढक्कन समेत 10 पर मुकदमा दर्ज

पीड़िता की मां की तहरीर को गंभीरता से लेते हुए मुकामी पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी अंश उर्फ ढक्कन, शांति देवी, ओमप्रकाश, छाया, माया सहित कुल दस आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत और गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है और आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई है।

घटना की सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम (पीएम) के लिए भेज दिया है। सदर कोतवाल राकेश कुमार राय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों और पूरी स्थिति का मुकम्मल खुलासा हो सकेगा।

Location :  Deoria

Published :  17 June 2026, 11:49 AM IST