
महिला थाने में सुलझे कई पारिवारिक मामले (Img: Dynamite News)
Deoria: देवरिया में महिला थाना की पहल एक बार फिर कई परिवारों के लिए नई उम्मीद बनकर सामने आई। मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवादों पर काउंसिलिंग की गई, जिसके बाद चार बिखरे परिवार फिर से एक हो गए। इतना ही नहीं, दो ऐसी माताओं को भी उनके अबोध बच्चों से मिलवाया गया, जो पारिवारिक विवाद के कारण उनसे अलग हो गई थीं।
पुलिस अधीक्षक देवरिया अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में महिला थानाध्यक्ष पूनम यादव की अध्यक्षता में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान कोतवाली, मदनपुर और खुखुंदू थाना क्षेत्रों से जुड़े कई वैवाहिक मामलों की सुनवाई हुई। पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद, मारपीट, दहेज उत्पीड़न और आपसी मनमुटाव जैसे मामलों में दोनों पक्षों को धैर्यपूर्वक सुना गया।
ये भी पढ़ें- पंचायत भवन में निकला विशाल अजगर, ग्रामीणों में मची अफरा-तफरी; वन्यजीव रक्षक टीम ने सुरक्षित किया रेस्क्यू
काउंसिलिंग के दौरान पुलिस टीम ने दोनों पक्षों को रिश्तों की अहमियत समझाई और बातचीत के जरिए मतभेद दूर करने का प्रयास किया। काफी देर तक चली समझाइश के बाद चारों दंपतियों ने अपने पुराने विवाद खत्म करने और भविष्य में प्रेम व सम्मान के साथ जीवन बिताने की सहमति दी।
जनसुनवाई के दौरान दो ऐसे मामले भी सामने आए, जिनमें पारिवारिक विवाद के चलते छोटे बच्चों को उनकी मां से अलग कर दिया गया था। महिला थाना पुलिस ने इन मामलों को गंभीरता और संवेदनशीलता से लिया। दोनों पक्षों से बातचीत के बाद बच्चों को उनकी माताओं को सौंप दिया गया। जैसे ही बच्चों ने अपनी मां को देखा, दोनों एक-दूसरे से लिपट गए। यह पल वहां मौजूद लोगों के लिए बेहद भावुक था। कई लोगों की आंखें नम हो गईं।
ये भी पढ़ें- दिन में बेड के नीचे छिपाई लाश, रात होते ही बाइक से लगाई ठिकाने; यूपी में खौफनाक मर्डर मिस्ट्री का पर्दाफाश
इस पूरी काउंसिलिंग प्रक्रिया में महिला कांस्टेबल आरफीन फात्मा, संजू यादव, रुक्मिणी मिश्रा और पीएलवी सुमन पाण्डेय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी ने दोनों पक्षों को धैर्य के साथ सुना और समझाने का प्रयास किया, जिससे विवाद सुलझाने में सफलता मिली।
Location : Deoria
Published : 28 July 2026, 6:20 PM IST