
देवरिया में भाई बना भाई का दुश्मन
Deoria: जनपद के खुखुंदू थाना क्षेत्र के ग्राम पड़री पांडे में जमीनी विवाद को लेकर दो सगे भाइयों के बीच मारपीट हुई जिसमें गंभीर रूप से घायल बड़े भाई की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार राजेंद्र प्रताप सिंह पुत्र उदय नारायण सिह उनके भाई रणजीत सिंह उर्फ भोला सिंह के बीच गुरुवार को जमीन के विवाद को लेकर कहासुनी हो गई। कहासुनी मारपीट में तब्दील हो गई। मारपीट में राजेंद्र सिंह को गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने उन्हें तत्काल देवरिया मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही चिकित्सकों ने सदर कोतवाली पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
राजेंद्र सिंह की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं घटना को लेकर पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस गांव में लगातार निगरानी कर रही है। खुखुंदू थाने के पुलिसकर्मियों को एहतियात के तौर पर सतर्क रखा गया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
खुखुंदू थाने के प्रभारी राहुल सिंह ने बताया कि पुलिस पूरे मामले पर कड़ी नजर रख रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं मृतक राजेंद्र प्रताप सिंह के दामाद बलजीत सिंह ग्राम जंगल संहजौली घटना से बेहद आहत हैं और परिवार की ओर से पूरे मामले की देखरेख कर रहे हैं।
Location : Deoria,
Published : 25 September 2026, 6:53 AM IST