रेलवे में अपराध करने वालों की अब खैर नहीं! देवरिया से जीआरपी डीजी का बड़ा ऐलान

देवरिया जीआरपी थाने के निरीक्षण के दौरान जीआरपी के डीजी ने रेलवे अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराई। बिहार सीमा से जुड़े रेलवे रूट पर विशेष निगरानी, शराब तस्करी पर कार्रवाई, जहरखुरानी गिरोह पर सख्ती और यात्रियों की सुरक्षा के लिए आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 18 July 2026, 2:40 PM IST
google-preferred

Deoria: उत्तर प्रदेश राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के पुलिस महानिदेशक ने शनिवार को देवरिया सदर जीआरपी थाने का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की। इस मौके पर उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि रेलवे से जुड़े अपराधों के खिलाफ "जीरो टॉलरेंस" की नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

बिहार सीमा पर विशेष निगरानी, अपराधियों का तैयार हो रहा डोजियर

डीजी ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश का बिहार से जुड़ा रेलवे क्षेत्र सुरक्षा की दृष्टि से बेहद संवेदनशील है। देवरिया से लेकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) तक चलने वाली ट्रेनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। बिहार पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया गया है। सीमा पार सक्रिय अपराधियों का डोजियर तैयार किया जा रहा है और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

शराब तस्करी और जहरखुरानी गिरोह पर सख्त कार्रवाई

डीजी ने बताया कि बिहार में शराबबंदी लागू होने के कारण उत्तर प्रदेश से अवैध शराब की तस्करी की कोशिशें होती हैं। ऐसे मामलों पर जीआरपी लगातार नजर बनाए हुए है और कार्रवाई कर रही है। इसके अलावा ट्रेनों में सक्रिय जहरखुरानी गिरोह के खिलाफ भी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की वस्तु स्वीकार न करें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना सुरक्षा एजेंसियों को दें।

पथराव रोकने से लेकर बच्चों की सुरक्षा तक फोकस

रेलवे पटरियों और ट्रेनों में होने वाले पथराव की घटनाओं को रोकने के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई गई है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। डीजी ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत पिछले वर्ष उत्तर प्रदेश में 2035 बिछड़े बच्चों को उनके परिजनों से मिलाया गया। वहीं मिशन शक्ति के माध्यम से महिला और बाल यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत किया जा रहा है।

Haryana Crime: 17 साल की मासूम से घिनौनी करतूत, भाई दे रहे थे पहरा और मां ने छुपाया सच, 7 लोगों पर केस दर्ज

आधुनिक तकनीक से होगी रेलवे सुरक्षा और मजबूत

जीआरपी अब आधुनिक तकनीक का भी तेजी से उपयोग कर रही है। पुलिसकर्मियों को बॉडी कैमरा, ब्लूटूथ स्पीकर और ड्रोन जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बॉडी कैमरे से घटनाओं की रिकॉर्डिंग होगी, जबकि ब्लूटूथ स्पीकर के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण संदेश दिए जाएंगे।

दिल्ली का जंतर-मंतर बना अखाड़ा: भूख हड़ताल के बीच अभिजीत दीपके पर महिला का इंक अटैक, आंदोलन कुचलने की कोशिश या सियासी साज़िश?

देवरिया जीआरपी टीम की सराहना

निरीक्षण के अंत में डीजी ने देवरिया सदर जीआरपी थाना प्रभारी और पूरी टीम के कार्यों की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे प्रशासन के बेहतर समन्वय से यात्रियों को और अधिक सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिलेगा।

Location :  Deoria

Published :  18 July 2026, 2:38 PM IST

Advertisement