हिंदी
रामपुर कारखाना ब्लॉक में डीएम का औचक निरीक्षण (Img: Dynamite News)
Deoria: देवरिया जिले के रामपुर कारखाना विकास खंड कार्यालय में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी बिना किसी पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण के लिए पहुंच गए। सुबह करीब 10 बजे शुरू हुए इस निरीक्षण में कार्यालय की कार्यप्रणाली की हकीकत सामने आ गई। कई कर्मचारी अपनी सीटों पर मौजूद नहीं मिले, जिससे जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि पंचायत सचिव बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित थे। जब इस संबंध में एडीओ पंचायत से जानकारी ली गई तो उन्हें भी पंचायत सचिव के फील्ड में होने की कोई जानकारी नहीं थी। इसके अलावा बीएमएम भी कार्यालय में मौजूद नहीं मिले।
यहीं नहीं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की प्रगति को लेकर संबंधित अधिकारी संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। वहीं मनरेगा से जुड़े कार्यों की जानकारी देने के लिए भी कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर उपलब्ध नहीं था।
“लोग समझ ही नहीं पाए…” बदायूं में युवक की मौत ने खड़े कर दिए कई सवाल, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
निरीक्षण में मिली लापरवाही पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सख्त नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को कारण बताओ (शो-कॉज) नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यालयों में समय की पाबंदी और जिम्मेदारी के साथ काम करना जरूरी है। लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को समय से कार्यालय पहुंचने, नियमित जनसुनवाई करने और सरकारी योजनाओं की प्रगति पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर भविष्य में भी इस तरह की लापरवाही सामने आई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Deoria
Published : 30 June 2026, 2:22 PM IST