
परमार्थी पोखरे पर सजे छठ घाट (Image Source: Dynamite News)
Deoria: देवरिया में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर उत्साह और भक्ति का माहौल है। शहर के परमार्थी पोखरे पर छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। पोखरे के चारों तरफ साफ-सफाई, रोशनी और पूजा की बेदियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यहां करीब 10 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
देवरिया शहर के परमार्थी पोखरे पर छठ महापर्व की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। घाटों को रंग-बिरंगी सजावट से आकर्षक रूप दिया गया है। जगह-जगह पूजा की बेदियां बनाई गई हैं। श्रद्धालु अपने परिवार के लिए बेदी तैयार कर रहे हैं, ताकि छठ पूजा के दौरान भगवान सूर्य को विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित कर सकें। घाटों पर छठी मैया के गीतों और श्रद्धालुओं की आस्था से पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आने लगा है।
परमार्थी पोखरे पर करीब 10 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। यहां व्रती महिलाएं और पुरुष सायंकाल अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसके अगले दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे। श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए घाटों पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
छठ पूजा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने नदावर घाट और मझौलीराज घाट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों की समुचित सफाई समय से पूरी कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। घाटों पर पर्याप्त रोशनी के साथ गोताखोरों और नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और मेडिकल टीम की तैनाती करने को भी कहा गया है। इसके अलावा पूजा स्थलों से पर्याप्त दूरी पर ही पटाखे जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
सूर्य उपासना के महापर्व के लिए तैयार देवरिया (Image Source: Dynamite News)
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के अन्य छठ घाटों का भी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया जा रहा है। पर्व के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे। उन्होंने जनपदवासियों से छठ महापर्व को आपसी सौहार्द, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाने की अपील की है।
Ananat Singh: अनंत सिंह की बेटी शिवांगी और ऋषभ कुमार का प्यार कैसे चढ़ा परवान, इस तरह तय हुई शादी?
वहीं, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था के प्रति सतर्क रहने और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।
Location : Deoria
Published : 14 November 2026, 7:13 PM IST