साहब! कागजी पचड़े बंद करो, किसानों को खाद दो; देवरिया में भाकियू का जोरदार प्रदर्शन, उठीं कई बड़ी मांगें

देवरिया के जिलाध्यक्ष गिरिजेश शाही के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील रद्द करने, देवरिया-बरहज-सोनूघाट मार्ग के निर्माण और खाद-बिजली की समस्या दूर करने की मांग की। नेताओं ने थानों-तहसीलों में फैले भ्रष्टाचार पर भी कड़ा आक्रोश जताया।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 21 July 2026, 6:08 PM IST

Deoria: भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने राष्ट्रीय नेतृत्व में कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन में अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील को रद्द करने, दिल्ली में छात्र आंदोलन के दौरान हुए लाठीचार्ज की निंदा करने के साथ ही किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाई गई।

सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार का आरोप

भाकियू जिलाध्यक्ष गिरिजेश (गिरीश) शाही उर्फ बड़े शाही ने कहा कि संगठन की मासिक बैठक के माध्यम से प्रदेश सरकार का ध्यान जनपद की समस्याओं की ओर आकर्षित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि थानों, तहसीलों, विद्युत विभाग और अन्य सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार व्याप्त है, जिससे आम किसान और ग्रामीण परेशान हैं।

ये भी पढे़ - Deoria: मां-बाप का इकलौता सहारा था युवक, यूक्रेन में रूसी हमले का बना शिकार

मार्ग की बदहाली पर नाराजगी

उन्होंने कहा कि देवरिया-बरहज-सोनूघाट मार्ग की स्थिति अत्यंत खराब है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और कई लोग घायल होकर मेडिकल कॉलेज में इलाज करा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से सड़क निर्माण का आश्वासन और टेंडर की बातें की जा रही हैं, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।

बेहतर बिजली आपूर्ति की मांग

भाकियू नेताओं ने किसानों को समय पर यूरिया और डीएपी खाद उपलब्ध कराने, भूमिहीन व बटाईदार किसानों को बिना अनावश्यक कागजी प्रक्रिया के खाद देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में बदहाल बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग भी उठाई। उनका कहना था कि निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है और कई स्थानों पर गिरे बिजली के पोल और तारों की मरम्मत तक नहीं की जा रही।

ये भी पढ़ें - Deoria: रुद्रपुर में कदम रखते ही SDM राजकुमार गुप्ता के सामने खड़ी हुईं दो बड़ी चुनौतियां, क्या पीड़ितों को दिला पाएंगे हक?

पेंशन और अन्य जनसमस्याओं के समाधान की मांग

प्रदेश सचिव विनोद गुप्ता ने कहा कि किसान और नौजवान अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई के बजाय उन पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में यूरिया की भारी किल्लत है, जबकि बरहज-सोनूघाट मार्ग की जर्जर हालत के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। इसके अलावा वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन सहित अन्य जनसमस्याओं के समाधान की भी मांग की गई।

जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

प्रदर्शन के बाद भाकियू पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

Location :  Deoria

Published :  21 July 2026, 6:08 PM IST