Deoria Accident: बारात से लौटते वक्त भीषण सड़क हादसा, दो युवकों की मौके पर मौत

उत्तर प्रदेश के देवरिया में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। महुआनी से सोनू घाट मार्ग पर देर रात एक क्रेटा कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों एक बारात से लौट रहे थे। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 10 March 2026, 11:58 AM IST

Deoria: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। यह हादसा महुआनी से सोनू घाट मार्ग पर सेमरहवा बाबा स्थान के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार हादसा देर रात हुआ, जब कार तेज गति से जा रही थी और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

बारात से लौट रहे थे दोनों युवक

मृतकों की पहचान नगर पंचायत बरियारपुर के वार्ड नंबर 5 के निवासी अतुल कुमार पांडे (28) और आकाश पाल के रूप में हुई है। अतुल कुमार पांडे स्वर्गीय मारकंडे पांडे के पुत्र थे और अपने परिवार में तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। वह रेडीमेड कपड़ों का कारोबार करते थे और स्थानीय बाजार में उनकी दुकान थी।

रफ्तार ने छीना तीनों की जान! रायबरेली से महराजगंज तक दर्दनाक सड़क हादसों का खौफनाक सिलसिला

आकाश पाल, स्वर्गीय हरिशंकर पाल के पुत्र थे और अतुल की दुकान पर काम करते थे। बताया जा रहा है कि दोनों युवक एक बारात में शामिल होकर वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों को बचाने का कोई मौका नहीं मिल सका।

परिजनों में मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही बरियारपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। हादसे की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

रात को घर के लिए निकला युवक… सुबह पेड़ से लटका मिला शव! रायबरेली की रहस्यमयी मौत से उठे कई सवाल

स्थानीय व्यापारी समुदाय भी इस घटना से गहरे सदमे में है। अतुल कुमार पांडे के रेडीमेड कारोबार से जुड़े होने के कारण व्यापार मंडल के कई लोग उनके परिवार के घर पहुंचे और शोक व्यक्त किया। इलाके के लोगों ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा दुख जताते हुए सड़क पर बढ़ती रफ्तार और लापरवाही को लेकर चिंता भी व्यक्त की है।

Location : 
  • Deoria

Published : 
  • 10 March 2026, 11:58 AM IST