
आरोपी
Muzaffarnagar : बेरोजगार युवाओं को नौकरी और जरूरतमंदों को लोन दिलाने का सपना दिखाकर ठगी करने वाले साइबर गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। यह गैंग फर्जी जॉब ऑफर, नकली अपॉइंटमेंट लेटर और ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के नाम पर लोगों से पैसा ऐंठ रहा था। साइबर क्राइम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह रिक्रूट रोजगार नाम के एक ऐप के जरिए ऐसे युवाओं को टारगेट करता था, जिन्हें नौकरी की जरूरत होती थी। आरोपी पहले युवाओं की जानकारी जुटाते, फिर उन्हें कॉल कर नौकरी दिलाने का झांसा देते थे। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस और अन्य प्रोसेस के नाम पर ऑनलाइन पैसे वसूले जाते थे।
गिरोह इतना शातिर था कि युवाओं को भरोसे में लेने के लिए फर्जी अपॉइंटमेंट लेटर तक जारी करता था। इतना ही नहीं, जो लोग अपना बिजनेस शुरू करना चाहते थे और लोन की तलाश में थे, उन्हें भी निशाना बनाया जाता था। आरोपी लोन दिलाने के नाम पर बैंक डिटेल्स और अन्य जानकारी हासिल कर साइबर फ्रॉड करते थे।
मुजफ्फरनगर में धर्म परिवर्तन फिर मेरठ जाकर शादी! क्या बोले एसपी सिटी
साइबर क्राइम पुलिस ने मामले में शाहआलम उर्फ राजीव शर्मा उर्फ प्रदीप और संजीत उर्फ राहुल चौधरी उर्फ मनोज को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी अलग-अलग नामों का इस्तेमाल कर लोगों को आसानी से अपने झांसे में लेते थे। पुलिस ने इनके पास से पांच मोबाइल फोन और कई फर्जी अपॉइंटमेंट लेटर बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह के खिलाफ अब तक NCRP पोर्टल पर 16 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अलग-अलग सिम कार्ड और फर्जी आईडी का इस्तेमाल करते थे ताकि आसानी से पकड़े न जा सकें।
पूछताछ में दो अन्य आरोपियों शोएब और फुरकान के नाम भी सामने आए हैं। यह दिल्ली में रहकर इस पूरे नेटवर्क को चला रहे थे। पुलिस अब उनकी तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ ने बताया कि प्रतिबिंब पोर्टल से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। आरोपी बेरोजगार युवाओं को नौकरी और लोन दिलाने का झांसा देकर ऑनलाइन फ्रॉड कर रहे थे। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और बाकी की तलाश जारी है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 10 May 2026, 5:01 AM IST
Topics : cyber crime Job Fraud loan scam Muzaffarnagar UP Police