
डकैती से पहले ही धराए शातिर
गोरखपुर: जनपद में अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कैम्पियरगंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती की योजना बना रहे चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस सहित डकैती में इस्तेमाल होने वाले कई औजार भी बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक प्रभु दयाल सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। टीम में उ0नि0 आदर्श त्रिवेदी सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे, जिन्होंने संयुक्त रूप से छापेमारी कर आरोपियों को धर दबोचा।
कैम्पियरगंज की टीम ने इलाके में घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर थाना कैम्पियरगंज की टीम ने इलाके में घेराबंदी की। इस दौरान चारों आरोपी-फकरुद्दीन उर्फ बंजारा, अब्दुल गनी उर्फ काजू, सलमान और रहसुल-को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वे डकैती की योजना बना रहे थे। तलाशी के दौरान उनके पास से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और रस्सी, खंती, हेक्सा ब्लेड, छेनी, हथौड़ी, स्क्रूड्राइवर और कटर प्लेट जैसे औजार बरामद हुए।
बड़ी वारदात को अंजाम
पूछताछ में पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक संभावित डकैती की घटना टल गई। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना कैम्पियरगंज में मु0अ0सं0 193/2026 के तहत धारा 310(4) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
“क्या मुझे मरवा कर बंगाल जीतना चाहती है BJP?” ममता बनर्जी का बड़ा हमला; जानें पूरा मामला
गिरफ्तार अभियुक्तों में तीन कैम्पियरगंज क्षेत्र के मोहम्मदपुर उर्फ जंगल बब्बन के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी पीपीगंज क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और उनके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
Location : गोरखपुर
Published : 19 April 2026, 9:20 PM IST
Topics : Latest News robbery up crime UP Police