
राजस्व और पुलिस टीम पर पथराव (फोटो: AI)
Chandauli: उत्तर प्रदेश के जिले चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कबीरपुर गांव में भूमि विवाद की पैमाइश के दौरान उस समय तनाव फैल गया, जब राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर सीमांकन के लिए पहुंची टीम पर पथराव और मारपीट की गई। इस घटना में तीन महिला आरक्षियों सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, भूमि विवाद से जुड़े मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम कबीरपुर गांव में पैमाइश और सीमांकन कराने पहुंची थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मौके पर पथराव शुरू हो गया।
Chandauli: होमगार्ड की संदिग्ध मौत से सनसनी, शव मिलने पर परिजनों में कोहराम
घटना के दौरान महिला आरक्षी रिंशु सिंह को जमीन पर पटककर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि उनका गला दबाने की भी कोशिश की गई और उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया। इसके अलावा राजस्व विभाग की टीम से पैमाइश में इस्तेमाल होने वाली जरीब भी छीन ली गई।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को मौके से हटाया और हालात पर काबू पाया। हमले में घायल तीन महिला आरक्षियों समेत चार पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
राजस्व निरीक्षक की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आठ नामजद लोगों और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Ramnagar: जुआ रोकने पर बढ़ा बवाल! देर रात फायरिंग से इलाके में दहशत
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। दोषियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Location : chandauli
Published : 28 June 2026, 1:20 PM IST