सोनभद्र में डायवर्जन बना मौत का जाल… आखिर कब रुकेगा ये खौफनाक सिलसिला?

सोनभद्र के वैष्णो मंदिर के पास कोयला लदा ट्रेलर पलटने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। चालक केबिन में फंस गया, जिसे पीआरवी टीम ने सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोग खराब डायवर्जन को हादसों की मुख्य वजह बता रहे हैं।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 17 April 2026, 4:08 PM IST

Sonbhadra : सोनभद्र के वैष्णो मंदिर के पास उस वक्त हड़कंप मच गया जब कोयले से भरा एक भारी ट्रेलर अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसा इतना भयानक था कि चालक केबिन में ही फंस गया और कुछ देर तक उसकी जान सांसों के सहारे अटकी रही।

हादसे का पूरा मामला

चोपन थाना क्षेत्र के डाला पुलिस चौकी अंतर्गत बाड़ी स्थित वैष्णो मंदिर के पास शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे यह हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, कोयला लदा ट्रेलर वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर हाथीनाला की ओर से आ रहा था। जैसे ही ट्रेलर चालक ने डायवर्जन पर वाहन मोड़ने की कोशिश की, तेज रफ्तार के कारण नियंत्रण बिगड़ गया।

अनियंत्रित ट्रेलर पहले सड़क किनारे बनी पुलिया से टकराया और फिर एसएसएस होटल के सामने जाकर पलट गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और बाहर निकलना उसके लिए नामुमकिन हो गया।

राहत और बचाव

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पीआरवी टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तुरंत एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन भेजा गया। जहां उसका इलाज जारी है।

सोनभद्र में डीएम बीएन सिंह ने एसीसी सीमेंट यूनिट का लिया जायजा, अफसरों में मची हलचल

यातायात और स्थानीय समस्या

हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह जगह पहले से ही खतरनाक बनी हुई है। रेलवे ओवरब्रिज क्षतिग्रस्त होने के बाद यहां अस्थायी डायवर्जन बनाया गया था। यह अब लगातार दुर्घटनाओं की वजह बन रहा है।

छात्रों के सपनों के साथ बड़ा खेल: एडमिशन के नाम पर लाखों की ठगी! हैरान कर देगा सोनभद्र का ये मामला

लोगों ने कई बार प्रशासन को शिकायत और आईजीआरएस के जरिए अवगत कराया लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला।

लोगों की मांग

स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क और ओवरब्रिज की मरम्मत कराई जाए। उनका कहना है कि वैष्णो मंदिर में दूर-दराज से लोग आते हैं और इस तरह के हादसे किसी बड़े खतरे का संकेत हैं।

 

Location :  Sonbhadra

Published :  17 April 2026, 4:08 PM IST