CM Yuva Yojana: योगी सरकार की स्वरोजगार योजना में आजमगढ़ अव्वल, दो लाख से ज्यादा युवाओं ने किया आवेदन

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत ऋण वितरण में आजमगढ़ ने 75.69 प्रतिशत प्रगति के साथ उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। बलिया दूसरे और रामपुर तीसरे स्थान पर हैं। योगी सरकार ने डेढ़ लाख युवाओं को ऋण देने का लक्ष्य रखा है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 26 November 2026, 8:46 PM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) के तहत युवाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध कराने में आजमगढ़ ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में ऋण वितरण के निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष आजमगढ़ ने 75.69 प्रतिशत प्रगति दर्ज की है। वहीं, बलिया 63.11 प्रतिशत के साथ दूसरे और रामपुर 56.50 प्रतिशत प्रगति के साथ तीसरे स्थान पर है। योगी सरकार ने इस वित्तीय वर्ष में डेढ़ लाख युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। योजना के तहत अब तक बैंकों ने 63 हजार से अधिक आवेदन स्वीकृत किए हैं।

युवाओं को मिल रहा पांच लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत प्रदेश के युवाओं को अपना उद्यम स्थापित करने के लिए पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के साथ रोजगार देने वाला बनाना है।

Crime News: सहारनपुर में महिला स्मैक तस्कर गिरफ्तार, लाखों का स्मैक और नकद बरामद

आजमगढ़ के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से युवाओं को बैंक ऋण उपलब्ध कराकर छोटे उद्योग, व्यवसाय और स्वरोजगार की गतिविधियां शुरू करने के अवसर दिए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पांच लाख रुपये तक के ऋण पर ब्याज और गारंटी की बाध्यता नहीं होने से अपना उद्यम शुरू करने के इच्छुक युवाओं को आर्थिक सहायता प्राप्त करने में सहूलियत मिल रही है।

टॉप पांच में पूर्वांचल के तीन जिले, जानिए किस जिले की कितनी प्रगति

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत ऋण वितरण की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में आजमगढ़, बलिया और रामपुर के बाद अमरोहा ने 49 प्रतिशत प्रगति के साथ चौथा स्थान हासिल किया है। वहीं, जौनपुर 48.90 प्रतिशत प्रगति के साथ पांचवें स्थान पर है। इस तरह प्रदेश के शीर्ष पांच जिलों में पूर्वांचल के तीन जिले आजमगढ़, बलिया और जौनपुर शामिल हैं।

वाराणसी ने 47.37 प्रतिशत प्रगति के साथ प्रदेश में दसवां स्थान हासिल किया है। इसके अलावा भदोही 45.41 प्रतिशत के साथ 20वें, मऊ 44.71 प्रतिशत के साथ 22वें और गाजीपुर 41.89 प्रतिशत प्रगति के साथ 32वें स्थान पर है।

चंदौली ने 40.76 प्रतिशत प्रगति के साथ 38वां और सोनभद्र ने 40.35 प्रतिशत के साथ 40वां स्थान हासिल किया है। वहीं, मीरजापुर 31.13 प्रतिशत प्रगति के साथ प्रदेश में 73वें स्थान पर है।

देवरिया में वाहन ना हटाने पर लाठी-डंडो के बाद जानलेवा हमला, दो युवक गिरफ्तार

डेढ़ लाख युवाओं को ऋण देने का लक्ष्य, दो लाख से अधिक आवेदन मिले

योगी सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में 1.50 लाख युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के लिए बैंक ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके मुकाबले 25 नवंबर तक प्रदेशभर में कुल 2,08,753 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।

इनमें से 1,88,611 आवेदन पत्र बैंकों को भेजे गए हैं। बैंकों ने 63,215 आवेदन स्वीकृत किए हैं, जबकि 62,671 लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है। निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्रदेश में ऋण वितरण की कुल प्रगति 41.78 प्रतिशत दर्ज की गई है।

प्रदेश में ऋण वितरण के औसत 41.78 प्रतिशत के मुकाबले आजमगढ़ की प्रगति 75.69 प्रतिशत है। वहीं, निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होना युवाओं की स्वरोजगार में रुचि को दर्शाता है।

Location :  Lucknow

Published :  26 November 2026, 8:46 PM IST