हिंदी
योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव (सोर्स-गूगल)
Lucknow: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आज 52वां जन्मदिन है। इस खास मौके पर सियासी दिग्गजों और समर्थकों की शुभकामनाओं का तांता लगा हुआ है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अखिलेश यादव को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई दी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, अखिलेश यादव के जन्मदिन के खास मौके पर पूरे देश, खासकर उत्तर प्रदेश में उनके समर्थकों, सपा कार्यकर्ताओं और राजनीतिक हस्तियों का उत्साह चरम पर है। हर तरफ बधाई और शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी सोशल मीडिया के जरिए अखिलेश को जन्मदिन की बधाई दी है।
सीएम योगी ने अखिलेश यादव को कैसे दी बधाई?
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने ट्वीटर हैण्डल पर अखिलेश यादव को बधाई दी। उन्होंने लिखा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। इस संदेश का जवाब देते हुए अखिलेश ने लिखा, "आपकी शुभकामनाओं के लिए हार्दिक धन्यवाद।" वहीं, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संदेश में लिखा, "सपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण और महादेव की कृपा से आपका स्वास्थ्य उत्तम और जीवन दीर्घायु हो।"
सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह
जन्मदिन के इस मौके पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं में गजब का जोश देखने को मिल रहा है। सपा कार्यालयों पर ढोल-नगाड़ों के साथ उत्सव का माहौल है। कार्यकर्ता भंडारे, रक्तदान शिविर और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के जरिए इस दिन को यादगार बना रहे हैं। खास तौर पर, सपा ने आज पूरे प्रदेश में रक्तदान कैंप आयोजित करने का ऐलान किया है, जिसमें हजारों कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे।
सैफई में हुआ था जन्म
बता दें कि अखिलेश यादव का जन्म 1 जुलाई 1973 को उत्तर प्रदेश के सैफई में हुआ था। इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने अपने पिता और सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की राजनीतिक विरासत को संभाला। साल 2012 में अखिलेश ने यूपी विधानसभा चुनाव में सपा को शानदार जीत दिलाई और राज्य के सबसे युवा मुख्यमंत्री बने। हालांकि, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में सपा को सत्ता हासिल करने में नाकामी मिली, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव में अखिलेश के नेतृत्व में सपा ने शानदार वापसी की और बीजेपी को कड़ी टक्कर दी।
Location : Lucknow
Published : 1 July 2025, 11:59 AM IST
Topics : Akhilesh Yadav Birthday Wishes HBD Akhilesh Yadav Samajwadi Party uttar pradesh Yogi Adityanath