AMU के इस कमरे का राज खुलते ही मचा हड़कंप, मोबाइल ने खोला बड़ा सच!

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) कैंपस में डेटिंग ऐप के जरिए युवकों को फंसाकर निजी वीडियो बनाने और ब्लैकमेल कर पैसे वसूलने के कथित गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। BBA छात्र शाहजिल की गिरफ्तारी के बाद जांच में 26 युवकों के पीड़ित होने की बात सामने आई है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 13 September 2026, 3:31 PM IST

अलीगढ़ : अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) कैंपस में युवकों को जाल में फंसाकर निजी वीडियो बनाने और ब्लैकमेल कर पैसे वसूलने के कथित गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में AMU के BBA छात्र शाहजिल को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मन्नान, भोला और औगी समेत अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस जांच में अब तक 26 युवकों के इस गिरोह का शिकार होने की बात सामने आई है। गिरफ्तार छात्र के मोबाइल से करीब 15 युवकों के आपत्तिजनक वीडियो मिलने का दावा किया गया है।

बताया जा रहा है कि गिरोह पहले डेटिंग ऐप के जरिए युवकों से दोस्ती करता था। इसके बाद मुलाकात के बहाने उन्हें AMU कैंपस के एक कमरे में बुलाकर कथित तौर पर उनका निजी वीडियो बनाया जाता और फिर वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर पैसे वसूले जाते थे।

मामला तब पुलिस तक पहुंचा, जब AMU कर्मचारी के 19 वर्षीय बेटे से कथित तौर पर 25 हजार रुपये की वसूली की गई। शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए BBA छात्र शाहजिल को गिरफ्तार कर लिया।

UP Breaking News Live: अलीगढ़ में 30 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या, पढ़ें यूपी की हर बड़ी खबर

कमरे में बुलाकर बंधक बनाने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, सिविल लाइन क्षेत्र के अनौना हाउस निवासी एक व्यक्ति AMU के प्रॉक्टर ऑफिस में कर्मचारी हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 17 अगस्त को उनके बेटे को एक अज्ञात व्यक्ति ने विकारुल मुल्क हॉल (VM Hall) में मिलने के लिए बुलाया था।

आरोप है कि कमरे में पहुंचने के बाद युवक ने देखा कि वहां पहले से कई लोग मौजूद थे। इसके बाद उसे कथित तौर पर कमरे में बंधक बना लिया गया और उसके साथ मारपीट की गई। शिकायत में युवक को निर्वस्त्र करने, शारीरिक और मानसिक यातना देने तथा उसकी जेब से 5,600 रुपये छीनने का भी आरोप लगाया गया है।

निजी वीडियो बनाकर धमकाने का आरोप

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने युवक का आपत्तिजनक वीडियो बनाया। इसके बाद उसे पुलिस को घटना की जानकारी नहीं देने के लिए दबाव में रखा गया। आरोप है कि वीडियो सार्वजनिक करने और परिवार की प्रतिष्ठा खराब करने की धमकी देकर उससे पैसे ट्रांसफर कराए गए।

आरोपियों ने कथित तौर पर ऐसा वीडियो भी रिकॉर्ड कराया, जिसमें युवक को यह कहते हुए दिखाया गया कि वह पूरी तरह ठीक है और उसके साथ कोई घटना नहीं हुई।

पहले भी कई युवकों को निशाना बनाने का आरोप

पीड़ित के पिता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ बहला-फुसलाकर बुलाने, अवैध रूप से बंधक बनाने, मारपीट, जबरन निर्वस्त्र करने, यौन उत्पीड़न, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, पैसे की उगाही और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में कार्रवाई की मांग की।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी पहले 14-15 अन्य युवकों को भी अपना शिकार बना चुके हैं। वहीं, पुलिस की मौजूदा जांच में अब तक 26 युवकों के पीड़ित होने की बात सामने आने की जानकारी दी गई है।

चार नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ केस

पुलिस ने शाहजिल, मन्नान, भोला, औगी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ BNS की धाराओं 61(2), 115(2), 140(4), 308(2) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ मामले से जुड़े अन्य संभावित पीड़ितों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

एक आरोपी कासगंज का हिस्ट्रीशीटर बताया गया

AMU के प्रॉक्टर प्रो. मोहम्मद नवेद खान के मुताबिक, मामले में कुछ हिस्ट्रीशीटरों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने बताया कि जांच जारी है और फिलहाल एक छात्र को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों में शामिल भोला को कासगंज का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है।

Location :  Aligarh

Published :  13 September 2026, 3:29 PM IST