
चित्रकूट में युवक की संदिग्ध मौत
Chitrakoot: चित्रकूट के राजापुर थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया है। मृतक के परिजनों का आरोप है कि मुस्लिम युवती से प्रेम संबंध के मामले में पुलिस प्रताड़ना और लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर युवक ने आत्महत्या कर ली। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
मामला राजापुर थाना क्षेत्र के भटकी पुरवा गांव का है। यहां रहने वाले शिवशंकर शुक्ला शुक्रवार शाम घर से शौच के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
मामले की जांच करती पुलिस
शनिवार को गांव के बाहर उनका शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने सरधुआ थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर अजहर जमाल पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि करीब आठ महीने पहले शिवशंकर का एक मुस्लिम युवती से प्रेम संबंध था। दोनों घर छोड़कर चले गए थे, जिसके बाद युवती पक्ष ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस ने दोनों को बरामद कर समझौता करा दिया था।
परिजनों का आरोप है कि समझौते के बाद भी युवती लगातार शिवशंकर से संपर्क करती रही। जब युवक ने इस संबंध में युवती के पिता से शिकायत की तो उन्होंने संबंधित दरोगा से संपर्क किया। आरोप है कि इसके बाद दरोगा ने युवक को फोन कर गाली-गलौज की और जेल भेजने की धमकी दी। परिजनों का यह भी दावा है कि युवक ने इस बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग अपने मोबाइल में सुरक्षित रखी थी, जो अब बरामद हुई है।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि समझौते के नाम पर पहले दो लाख रुपये लेने और बाद में तीन लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की गई। उनका कहना है कि इसी मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर शिवशंकर ने आत्मघाती कदम उठाया। परिजनों के अनुसार, युवक ने मौत से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखा, जिसमें उसने कुछ लोगों और मोबाइल नंबरों का उल्लेख करते हुए लगातार मिल रही धमकियों का जिक्र किया है।
वहीं अपर पुलिस अधीक्षक पीयूष कान्त राय ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा कि मामला आत्महत्या का है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है। उन्होंने बताया कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि जांच में कोई पुलिसकर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल परिजनों की ओर से तहरीर मिलने का इंतजार किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Chitrakoot
Published : 19 July 2026, 4:26 AM IST
Topics : Chitrakoot Love affair case police harassment allegation rajapur police station suicide note