
कावंडियों की मौत पर मचा बवाल
बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं से दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां उझानी थाना क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर शुक्रवार दोपहर एक हादसा हो गया। बुटला बोर्ड के पास हाईवे किनारे लेटे एक कांवड़िये को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। गुस्साए कांवड़ियों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में आग लगा दी।
कांवड़िये की मौत से बवाल
जानकारी के मुताबिक, इस घटना से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि हादसा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से हुआ, जिसमें कांवड़िये भी सवार थे। ट्रैक्टर चालक को बंधक बनाकर पीटा गया। सूचना मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया है।
झड़प में छह से ज़्यादा कांवड़िये घायल
मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे में मरने वाले कांवड़िये का नाम अंकित बताया जा रहा है, जो बरेली के भुता थाना क्षेत्र का रहने वाला था। अंकित अपने जत्थे के साथ कछला घाट गंगा जल लेने जा रहा था। रास्ते में ये लोग आराम करने के लिए रुके। अंकित हाईवे किनारे लेटा हुआ था, तभी दूसरे जत्थे के ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे कुचल दिया। इस हादसे के कारण हाईवे पर करीब डेढ़ घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। इस झड़प में छह से ज़्यादा कांवड़िये घायल हुए हैं। पुलिस ने उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
Location : badaun
Published : 25 July 2025, 5:52 PM IST
Topics : Badaun Kavadis Latest News Tractor Trolley UP News