मेरठ में Chandrashekhar Azad का शक्ति प्रदर्शन : वेस्ट यूपी के बड़े नेताओं की एंट्री… इन सीटों पर लड़ने का ऐलान

मेरठ में आजाद समाज पार्टी ने 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद की मौजूदगी में सपा और बसपा के कई नेताओं ने आसपा का दामन थामा। पार्टी अब मेरठ की सातों सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में जुट गई है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 13 May 2026, 10:04 PM IST

Meerut : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की आहट अब राजनीतिक गलियारों में साफ सुनाई देने लगी है। पश्चिमी यूपी की राजनीति में अपनी मजबूत पकड़ बनाने की कोशिश कर रही आजाद समाज पार्टी ने मेरठ में बड़ा शक्ति प्रदर्शन किया। नगीना से सांसद और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद (Chandrashekhar Azad) बुधवार को मेरठ पहुंचे। जहां उन्होंने  शब्दों में संकेत दे दिए कि आने वाला चुनाव सिर्फ सीटों की लड़ाई नहीं बल्कि राजनीतिक सोच बदलने की लड़ाई होगी।

नेताओं की एंट्री से बढ़ा सियासी तापमान

मेरठ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नेता बाबर चौहान खरदौनी, दिलशाद भाटी, तौफीक इलाही समेत कई स्थानीय नेताओं ने चंद्रशेखर आजाद की मौजूदगी में पार्टी का पटका पहनकर आजाद समाज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। चंद्रशेखर ने सभी नेताओं का मंच से स्वागत किया और कहा कि पार्टी लगातार जमीन पर मजबूत हो रही है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में मेरठ की सातों सीटों पर आजाद समाज पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी।

कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में पहुंचे समर्थकों ने चंद्रशेखर के समर्थन में नारे लगाए। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अब प्रदेश में लाठी-गोली की सरकार नहीं चलेगी और जनता बदलाव चाहती है।

Meerut News: मेरठ में मामूली टकराव के बाद ‘खूनी संघर्ष’, बीच-बचाव करने आई युवती के साथ क्या हुआ? जानें क्या है पूरा मामला

मेरठ की धरती से दिया बड़ा संदेश

चंद्रशेखर आजाद ने अपने संबोधन में मेरठ की ऐतिहासिक पहचान का जिक्र करते हुए कहा कि 1857 की क्रांति मेरठ से शुरू हुई थी और इसी धरती ने अंग्रेजों को देश छोड़ने पर मजबूर कर दिया था। उन्होंने कहा कि मेरठ हमेशा बदलाव की राजनीति का केंद्र रहा है और अब एक बार फिर यहां से नई राजनीतिक शुरुआत होगी।

उन्होंने पार्टी में शामिल हुए नेताओं से जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों को पहुंचाने की अपील की। साथ ही कहा कि आसपा समाज के हर वर्ग की आवाज बनने का काम करेगी। कार्यक्रम में तौफीक इलाही, नूर सैफी, सत्यकुमार प्रजापति, नितिन कुमार जाटव और हारून समेत कई अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी की सदस्यता ली।

Location :  Meerut

Published :  13 May 2026, 9:58 PM IST