चंदौली में मंदिर ध्वस्तीकरण के दौरान बड़ा हादसा, मलबे की चपेट में आकर मजदूर की मौत

चंदौली के पीडीडीयू नगर में देर रात सड़क चौड़ीकरण का काम एक मजदूर की जान ले बैठा। काली मंदिर के ध्वस्तीकरण के दौरान जेसीबी से गिरता भारी मलबा अचानक वहां मौजूद दो लोगों पर आ गिरा। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 11 July 2026, 11:59 PM IST

Chandauli: पीडीडीयू नगर में सड़क चौड़ीकरण की जद में आए काली मंदिर के ध्वस्तीकरण के दौरान देर रात बड़ा हादसा हो गया। जेसीबी मशीन से गिराए जा रहे मंदिर के मलबे की चपेट में आने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल का उपचार जारी है।

बहादुरपुर गांव निवासी था मृतक

मृतक की पहचान मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर गांव निवासी बलदेव यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बलदेव यादव सड़क चौड़ीकरण परियोजना में कार्यरत ऐपको कंपनी का कर्मचारी था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल कर्मचारियों को मलबे से निकालकर अस्पताल भेजा गया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण बलदेव को बचाया नहीं जा सका।

प्रतिमा स्थापित करने के बाद गिराया जा रहा था मंदिर

जानकारी के मुताबिक, जीटी रोड स्थित डीडीयू जंक्शन स्टेशन गेट के सामने स्थित काली मंदिर सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहा था। मंदिर में स्थापित मां काली की प्रतिमा को पहले दूसरी जगह स्थापित कर दिया गया था। इसके बाद जेसीबी से मंदिर के ढांचे को गिराने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक मलबा नीचे आ गिरा और वहां मौजूद दो लोग उसकी चपेट में आ गए।

क्या आपके बच्चे भी स्कूल वैन या बस से जाते हैं? तो हो जाइए सावधान, जानें चंदौली में क्यों सीज हुए 20 वाहन!

कंपनी ने सुरक्षा व्यवस्था का किया दावा

ऐपको कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि ध्वस्तीकरण स्थल पर बैरिकेडिंग और सुरक्षा के इंतजाम किए गए थे। उनका कहना है कि कर्मचारी मौके से लोगों को हटाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसका ध्यान दूसरी ओर चला गया और वह गिरते मलबे की चपेट में आ गया।

चहनिया चौराहे पर सरेआम ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’! जानिए चंदौली की इस खौफनाक वारदात का क्या हुआ अंजाम

एसडीएम ने दिए संयुक्त जांच के आदेश

पीडीडीयू नगर के एसडीएम राजीव सक्सेना ने मजदूर की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की संयुक्त जांच कराई जा रही है। जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम ने मृतक के परिजनों को पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का भी आश्वासन दिया है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Location :  Chandauli

Published :  11 July 2026, 11:56 PM IST