Chandauli News: मुगलसराय में निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से मजदूर गंभीर घायल, ठेकेदार मौके से फरार

यूपी के चंदौली जनपद में निर्माण कार्य के दौरान 11,000 वोल्ट की चपेट में आया मजदूर, हालत नाजुक होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Updated : 3 July 2025, 12:29 PM IST
google-preferred

Chandauli: नगर के नईबस्ती वार्ड नंबर 3 स्थित एक निजी आलू मिल परिसर में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे मजदूर को 11,000 वोल्ट की हाई वोल्टेज बिजली का करंट लग गया। घटना में मजदूर बुरी तरह झुलस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद से ठेकेदार मौके से फरार है, जिससे मजदूरों में आक्रोश का माहौल है।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, घायल मजदूर की पहचान फर्कशेर कुमार (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मकान की ढलाई का कार्य कर रहा था। बताया जा रहा है कि कार्य के दौरान मकान के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से संपर्क हो जाने के कारण मजदूर करंट की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि फर्कशेर मौके पर ही अचेत हो गया।

11,000 वोल्ट की चपेट में आया मजदूर

घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने उसे पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया। डॉक्टरों का कहना है कि मजदूर के शरीर पर गंभीर रूप से जलने के निशान हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

High Voltage Electric Shock In Mughalsarai

मजदूर की हालत नाजुक होते देख अस्पताल से जाते ग्रामीण

हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जैसे ही परिजन अस्पताल पहुंचे, उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मजदूर फर्कशेर परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य बताया जा रहा है, जिसकी हालत ने पूरे परिवार को चिंता में डाल दिया है।

मजदूर झुलसा; सुरक्षा मानकों की खुली पोल

वहीं, हादसे के बाद से ठेकेदार मौके से फरार है। बताया जा रहा है कि मकान का निर्माण एक निजी ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा था, जो इसी इलाके यानी नईबस्ती का रहने वाला है। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि काम के दौरान कोई भी सुरक्षा मानक नहीं अपनाया गया था और मजदूरों को बिना सुरक्षा उपकरणों के खतरनाक कार्यों में लगाया गया।

सूचना मिलने पर अलीनगर थाना प्रभारी विनोद मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और फरार ठेकेदार की तलाश की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि लापरवाही करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल घायल मजदूर का इलाज जिला अस्पताल में जारी है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Location :  Chandauli

Published :  3 July 2025, 12:29 PM IST

Advertisement