चंदौली: बिरयानी देने में हुई देरी, शराबी युवकों ने दुकान में मचाया तांडव, Video Viral

चंदौली में मुरादाबादी बिरयानी दुकान पर शराब के नशे में पहुंचे दो युवकों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि युवकों ने दुकान में तोड़फोड़, मारपीट और गल्ले से नकदी निकाल ली। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 19 May 2026, 8:30 PM IST

Chandauli : चंदौली में मुरादाबादी बिरयानी की दुकान पर अफरा-तफरी मच गई। शराब के नशे में पहुंचे दो युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि बिरयानी देने में थोड़ी देरी होने पर दोनों युवक आगबबूला हो गए और दुकान में तोड़फोड़, मारपीट और नकदी लूटकर फरार होने की कोशिश की। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।

तुरंत बिरयानी देने को लेकर हुआ विवाद

मुगलसराय-चकिया मार्ग स्थित मुरादाबादी बिरयानी दुकान के संचालक इरफान के मुताबिक, दुकान पर पहले से काफी ग्राहक मौजूद थे और ऑर्डर के अनुसार बिरयानी पैक की जा रही थी। इसी दौरान दो युवक पहुंचे और तुरंत बिरयानी देने की मांग करने लगे। दुकान संचालक ने कुछ देर इंतजार करने को कहा तो दोनों युवक नाराज हो गए।

दुकान में की तोड़फोड़ और मारपीट

आरोप है कि बात बढ़ने पर दोनों युवकों ने दुकान संचालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान दुकान में रखा सामान फेंक दिया गया और बाहर रखी बिरयानी भी खराब कर दी गई। पीड़ित पक्ष का कहना है कि हंगामे के दौरान गल्ले में रखे करीब 7 से 8 हजार रुपये भी निकाल लिए गए।

चंदौली में ‘लाल लिपस्टिक’ वाला गैंग, ‘खूबसूरत लड़कियों’ बनकर हाईवे पर करते थे कांड, देखें पुलिस ने कैसे किया खुलासा

बीच-बचाव करने वाले युवक को भी पीटा

घटना के दौरान पास की दुकान पर मौजूद शिवम नाम का युवक बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। शिवम का आरोप है कि एक युवक ने उसके हाथ पर काट लिया, जिससे हाथ में सूजन आ गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक पूरे मामले में तीन लोग घायल हुए हैं।

पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर अलीनगर थाने भेज दिया। बताया जा रहा है कि घटना का वीडियो भी सामने आया है। जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Location :  Chandauli

Published :  19 May 2026, 8:27 PM IST