
CBI की कार्रवाई (Img : Google)
Noida : ग्रेटर नोएडा के रियल एस्टेट सेक्टर से जुड़े बहुचर्चित घर खरीदार धोखाधड़ी मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर चल रही जांच के तहत सीबीआई ने रुद्रना बिल्डवेल प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड, उसके निदेशकों, कुछ सरकारी कर्मचारियों और बैंक अधिकारियों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है। एजेंसी का आरोप है कि बिल्डर और अन्य आरोपियों ने कथित तौर पर आपराधिक साजिश रचकर घर खरीदारों और वित्तीय संस्थानों को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सीबीआई ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में घर खरीदारों से कथित धोखाधड़ी के मामलों में 50 बिल्डरों की जांच कर रही है। इसी कड़ी में यह 13वीं चार्जशीट दाखिल की गई। जांच एजेंसी का कहना है कि ग्रुप हाउसिंग परियोजना के नाम पर निवेशकों और फ्लैट खरीदारों को बड़े-बड़े वादे कर धन जुटाया गया, लेकिन परियोजना समय पर पूरी नहीं की गई।
सीबीआई की चार्जशीट के अनुसार, रुद्रना बिल्डवेल प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों ने कथित तौर पर कुछ सरकारी कर्मचारियों और अन्य निजी व्यक्तियों के साथ मिलकर साजिश रची। आरोप है कि खरीदारों और निवेशकों को झूठे आश्वासन, भ्रामक जानकारी और आकर्षक वादों के जरिए गुमराह किया गया। साथ ही ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के कुछ अधिकारियों पर भी स्थापित नियमों और प्रक्रियाओं का उल्लंघन करते हुए अपने पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया गया है।
नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह फिर एक्शन मोड़ में, कई ADCP और ACP अफसरों का किया तबादला
जांच में सीबीआई ने दावा किया है कि बिल्डर ने 600 से अधिक फ्लैट खरीदारों से परियोजना के नाम पर धन लिया, लेकिन न तो तय समय में फ्लैट दिए और न ही अधिकांश खरीदारों की रकम वापस की गई। चार्जशीट में धन के कथित दुरुपयोग, वित्तीय अनियमितताओं और घर खरीदारों के साथ धोखाधड़ी का भी उल्लेख किया गया है।
इससे पहले भी सीबीआई इसी जांच के तहत रुद्रा बिल्डवेल कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड, ड्रीम प्रोकान प्राइवेट लिमिटेड, जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड, एवीजे डेवलपर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, शुभकामना बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड, सिक्वल बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड और सीएचडी डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड समेत कई कंपनियों और उनके निदेशकों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। सीबीआई की जांच अभी भी जारी है और एजेंसी अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।
Location : Noida
Published : 4 July 2026, 4:39 PM IST
Topics : CBI Home Buyers noida news real estate Supreme Court